सिरदर्द हुआ और टेबलेट ले ली. अगर आपकी भी ये आदत है तो इससे सेहत को नुकसान पहुंच सकता है. दरअसल बारबार पेन किलर खाने की वजह से हमारे शरीर के अंगों पर भी प्रेशर बढ़ता है. दादीनानी हल्कीफुल्की हेल्थ प्रॉब्लम से निजात पाने के लिए हमेशा से ही देसी नुस्खे आजमाती आई हैं. अगर आपको ऐसा महसूस हो रहा है कि बिना वजह ही आपके सिर में दर्द हो रहा है तो नमक का यहां दिया गया नुस्खा आजमाकर देखें.

सिरदर्द को दूर करने के लिए सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने नमक और पानी का नुस्खा शेयर किया है. उन्होंने ये भी बताया है कि इससे आपको 5 मिनट में सिरदर्द से आराम मिल सकता है. दरअसल जरूरी नहीं है कि आपको स्ट्रेस की वजह से सिरदर्द हो रहा हो. अगर ये डिहाइड्रेशन और सोडियम कम होने की वजह से होगा तो ये नुस्खा कारगर रहता है.

क्या है ये नुस्खा?

आपको भी अगर अचानक बिना किसी वजह सिरदर्द होने लगे तो एक चुटकी नमक को अपनी जीभ पर रखें और फिर कुछ सेकंड का इंतजार करें. इसके बाद 1 गिलास पानी पी लें.

कैसे फायदा करता है ये नुस्खा?

  • नमक से आपके शरीर को सोडियम मिलता है.
  • सोडियम शरीर में पानी बनाए रखने में मदद करता है.
  • यह दिमाग तक रक्त संचार को बेहतर बनाता है.
  • माइग्रेन से जुड़े मस्तिष्क के संकेतों को रोकता है.

ये लोग नुस्खा न करें फॉलो

न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने ये भी बताया है कि नमक वाला ये नुस्खा हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए नहीं है. दरअसल जिन लोगों का बीपी बढ़ा हुआ रहता है उन्हें कम नमक खाने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इससे बॉडी में होल्ड होता है और इस वजह से नसों पर दबाव बढ़ सकता है. इससे ब्लड प्रेशर और बढ़ सकता है.

नमक के ये नुस्खे भी कारगर

अगर अचानक रात में दांत में दर्द होने लगे तो पानी में नमक डालकर उबालें. इसे हल्का ठंडा होने दें. इसके बाद इससे कुल्ला करें. इस पानी को मुंह में कुछकुछ देर तक रोककर रखें. इससे दर्द में आराम मिलता है.

गले की खराश में भी नमक के गुनगुने पानी से गरारे करने से काफी राहत मिलती है, क्योंकि ये कफ को हटाने में मदद करता है और गर्म पानी सूजन को कम करता है. 2 से 3 दिन में गले की खराश और दर्द बहुत हद तक कम हो जाता है.