हिमाचली खबर: Linen vs Cotton Difference: गर्मी के समय हम किस तरह के कपड़े पहनकर निकलते हैं यह हमारी लाइफस्टाइल और सेहत दोनों के लिए महत्वपूर्ण होती है। तेज धूप और उमस भरे मौसम में सही फैब्रिक चुनना शरीर को ठंडक देने के साथसाथ चिपचिपाहट और पसीने से भी बचाता है। आजकल मार्केट में कॉटन, लिनन, रेयॉन और अन्य कई तरह के हल्के फैब्रिक आसानी से उपलब्ध हैं, जो गर्मियों में स्टाइल और कंफर्ट दोनों देते हैं।

इस मौसम में सही फैब्रिक कंफर्टेबल लुक के साथसाथ स्टाइलिश दिखने में भी मदद करते हैं। जिनमें कॉटन और लिनन काफी पसंद किए जाते हैं। हालांकि दोनों के बीच कई लोग फर्क नहीं कर पाते हैं और कंफ्यूज रहते हैं। अगर आप भी इस तरह की समस्या से जूझ रहे हैं तो कुछ तरीकों की मदद से दोनों के बीच फर्क कर सकते हैं। जिससे खरीदारी करते समय आपको सही कपड़े चुनने में मदद मिलेगी।
कॉटन और लिनन में अंतर
कॉटन के कपड़े कपास के पौधे से बनाए जाते हैं। गर्मियों के समय यह फैब्रिक बहुत ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। यह बहुत सॉफ्ट, हल्का और आरामदायक होता है। वहीं लिनन के कपड़े फ्लैक्स या अलसी के पौधे के तनों से प्राप्त रेशों से तैयार किए जाते हैं। यह कपड़ा थोड़ा रफ और कड़कसा होता है। लिनन दिखने में थोड़ा प्रीमियम फील देता है जिसकी वजह से इसे काफी पसंद किया जाता है।
पहचान करने का तरीका
कॉटन और लिनन के कपड़ों में पहचान करना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन इन्हें छूकर आप पहचान सकते हैं। कॉटन के कपड़े आमतौर पर बहुत मुलायम और स्मूद होते हैं। वहीं लिनन थोड़ा खुरदुरा और क्रिस्प होता है। लिनन को छूने पर हल्की सख्त बनावट महसूस हो सकती है।
लिनन के कपड़ों में बहुत जल्दी झुर्रियां पड़ जाती हैं। अगर इसे थोड़ा सा भी मोड़कर रखते हैं तो सिलवटें तुरंत दिखने लगती हैं। वहीं दूसरी तरफ कॉटन भी सिकुड़ जाता है लेकिन लिनन की तुलना में यह कम होता है।
गर्मी में बेहतर विकल्प
गर्मियों के समय दोनों फैब्रिक अच्छे माने जाते हैं लेकिन लिनन ज्यादा बेहतर माना जाता है। यह शरीर की गर्मी को जल्दी बाहर निकालता है। कॉटन तुलनात्मक रूप से कम एयर फ्लो देता है।
आमतौर पर कॉटन के कपड़े एक समान और साफ फिनिश देते हैं। लेकिन लिनन थोड़ा नेचुरल और रस्टिक होता है जिसमें हल्की असमानता नजर आ सकती है। लिनन अक्सर प्रीमियम और स्टाइलिश लुक के लिए पसंद किए जाते हैं।
लिनन के कपड़े ज्यादा मजबूत होते हैं और लंबे समय तक चलते हैं। लेकिन इनकी देखभाल कॉटन की तुलना में ज्यादा करनी पड़ती है क्योंकि यह जल्दी सिकुड़ सकते हैं। कॉटन रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है, जिसे संभालना आसान होता है।
अगर आप आराम और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कपड़े खरीद रहे हैं तो कॉटन एक अच्छा विकल्प हो सकता है। लेकिन स्टाइल, प्रीमियम लुक और गर्मियों में ज्यादा ठंडक चाहते हैं तो लिनन के कपड़े बेहतर हो सकते हैं। इन आसान तरीकों से आप दोनों के बीच फर्क समझ सकते हैं, जिससे खरीदारी करते समय सही चुनाव करने में मदद मिलेगी।



