हिमाचली खबर: Ghaziabad Surya Chauhan Murder Update: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद कमिश्नरेट अंतर्गत खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन हुए सनसनीखेज सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. सूर्या चौहान पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या करने के बाद से ही आरोपी असद फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था. इस मुठभेड़ में पुलिस का एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है.

28 मई को खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार में असद नामक युवक ने सूर्या चौहान पर चाकुओं से गोदकर जानलेवा हमला किया था। इलाज के दौरान सूर्या की अस्पताल में मौत हो गई थी. इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. परिजनों और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने सड़कों पर उतरकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया था. पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर 5 लोगों को अभियुक्त बनाया था, जिनमें से 3 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी.
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
नगर, ट्रांस हिंडन और मुख्यालय के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी असद लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से पैसे लेकर शहर से बाहर भागने की फिराक में है और वह खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र में असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया. पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया और आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, तो असद ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में मारा गया आरोपी
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ के दौरान आरोपी का दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी की मोटरसाइकिल और एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद की है. फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है और असद के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है.



