हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़ कोतवाली क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को शादी के 12 साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर उसके ससुराल वालों द्वारा अमानवीय यातनाएं दी गईं। पीड़िता का आरोप है कि उसे कई दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर भूखाप्यासा रखा गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अब पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

घर में लगे CCTV में कैद हुई मारपीट
मारपीट का सीसीटीवी फुजेट भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो घर में ही लगे सीसीटीवी कैमरे का है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला का पति उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है, जबकि घर में मौजूद अन्य लोग बीचबचाव करने के बजाय मूकदर्शक बने तमाशा देख रहे हैं।
12 वर्षों से किया जा रहा प्रताड़ित: पीड़िता
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग पिछले 12 वर्षों से उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं और इस बार उसे जान से मारने का भी प्रयास किया गया। पीड़ित महिला ने अपने मातापिता के साथ मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई। उसने रोते हुए बताया कि बच्चा नहीं होने के कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता है और उसके ससुराल वाले उसे और उसके मायके वालों को जान से मारने की धमकी देते हैं।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर गाड़ी चलाता था, जिससे पहले एक बड़ा हादसा भी हो चुका है। फिलहाल, इस गंभीर मामले को लेकर पीड़िता ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और अपने लिए न्याय व सुरक्षा की मांग की है।



