
झारखंड के गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में एक पारिवारिक विवाद ने उस समय सनसनी फैला दी, जब चार बच्चों का पिता पिंटू कुमार कथित तौर पर एक दूसरी महिला को लेकर अपने घर पहुंच गया. घर में दूसरी महिला के पहुंचते ही पहली पत्नी और परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया.
गुस्साई महिलाओं ने घेरा
जानकारी के अनुसार, घटना की खबर मिलते ही पहली पत्नी के मायके पक्ष की महिलाएं बड़ी संख्या में युवक के घर पहुंच गईं. आरोप है कि पिंटू कुमार के नहीं मिलने पर गुस्साए लोगों ने उसकी मां मालती देवी को पकड़ लिया. मालती देवी स्वास्थ्य विभाग में सहिया के पद पर कार्यरत हैं.
सास को बिजली के खंभे से बांधा
बताया जाता है कि महिलाओं ने मालती देवी को गांव में एक बिजली के खंभे से बांध दिया और बेटे को बुलाने की मांग करने लगीं. गांव के बीचों-बीच हुई इस घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस के हस्तक्षेप से बचा परिवार
इस घटना की सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नन्द ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए महिला को मुक्त कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. मालती देवी ने आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट भी की गई, जबकि दूसरे पक्ष की महिलाओं ने इन आरोपों को खारिज किया है. घटना को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं.
पूछताछ में हुए बड़े खुलासे
फिलहाल पुलिस युवक और उसके साथ आई महिला को थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि युवक के साथ आई महिला पहले से विवाहित थी और उसके तलाक को लेकर भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.



