हिमाचली खबर: गाजीपुर: यूपी के गाजीपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी और एक लाख का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी बिंद, पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में SOG प्रभारी रोहित मिश्रा को कंधे में गोली लगी है और वह घायल हो गए हैं।

यूपी: गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी एनकाउंटर में ढेर, SOG प्रभारी को भी गोली लगी​
यूपी: गाजीपुर में होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी एनकाउंटर में ढेर, SOG प्रभारी को भी गोली लगी​

क्या है पूरा मामला?

चर्चित होटल व्यवसाई विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी और एक लाख रुपए का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी बिंद आज देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था इलाके में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान कमलेश बिंद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल उपचार के लिए राजकीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बिंदु होटल संचालक विनीत राय उर्फ हनी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया था। बीती 30 मई की रात गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के सामने बाइक सवार बदमाशों ने विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

इस घटना के बाद जिले में आक्रोश का माहौल बन गया था और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का भारी दबाव था। जांच के दौरान इस हत्याकांड में कटरा गैंग से जुड़े शंकर पांडेय, सोनू उर्फ जगदीश यादव, आलोक दुबे और कमलेश बिंद के नाम सामने आए थे। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर खोज रही है।

SP का सामने आया बयान

इस मामले में एसपी गाजीपुर डॉ ईरज राजा का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया है कि मुठभेड़ में SOG प्रभारी रोहित मिश्रा घायल हुए हैं। उन्हें कंधे में गोली लगी है।

एसपी डॉ ईरज राजा ने बताया कि 29 और 30 की रात को रात में लगभग 11.15 बजे ये घटना हुई थी, जिसमें होटल संचालक विनीत राय की हत्या कर दी गई थी। उस संबंध में तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया था। पुलिस को नामजद तहरीर मिली थी, जिसमें 4 नामजद अभियुक्त और 3 अज्ञात का नाम था। हमारी टीमें इस मामले में बहुत मेहनत से लगी हुई थीं। तमाम जगहों पर दबिश दे रही थीं। आज शाम को हमें अभियुक्तों में से प्रमुख अभियुक्त कमलेश चौधरी बिंद के बारे में इनपुट मिला था। जब पुलिस की टीम मौके पर अभियुक्त को पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।