हिमाचली खबर: Badaun Mentha plant News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक दर्दनाक हादसे ने हिला कर रख दिया है. फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुरेनी पापड़ी गांव में स्थित एक मेंथा प्लांट के टैंक में बनी जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.

बदायूं में दर्दनाक हादसा, मेंथा प्लांट के टैंक में उतरे तीन भाई, जहरीली गैस से 2 की मौत​
बदायूं में दर्दनाक हादसा, मेंथा प्लांट के टैंक में उतरे तीन भाई, जहरीली गैस से 2 की मौत​

मृतकों की पहचान जयवीर यादव और राजेश यादव के रूप में हुई है. दोनों गांव निवासी बद्दू सिंह के पुत्र थे. वहीं तीसरे भाई मनवीर यादव का इलाज जारी है. एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

पहले एक भाई टैंक के अंदर उतरा था

हादसा उस समय हुआ जब मेंथा प्लांट के एक टैंक में तकनीकी कार्य किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि सबसे पहले एक भाई टैंक के अंदर उतरा. टैंक में मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से वह कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ा. जब वह बाहर नहीं निकला तो उसे बचाने के लिए दूसरा भाई टैंक में गया, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया और बेहोश हो गया.

दोनों भाइयों को अंदर फंसा देख तीसरे भाई मनवीर ने उनकी जान बचाने की कोशिश की. वह भी टैंक के भीतर उतरा, लेकिन जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी हालत भी बिगड़ गई. कुछ ही मिनटों में तीनों भाई टैंक के अंदर बेसुध हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरातफरी मच गई.

परिजन का रोरोकर बुरा हाल

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से तीनों भाइयों को किसी तरह टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने जांच के बाद जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनवीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया.

हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. जयवीर यादव अपने पीछे पत्नी रुचि देवी और दो छोटे बेटे लालू तथा समर्थ को छोड़ गए हैं. वहीं राजेश यादव की पत्नी ललिता देवी का रोरोकर बुरा हाल है. परिजन और ग्रामीण इस हादसे से गहरे सदमे में हैं.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया टैंक में बनी जहरीली गैस हादसे का कारण प्रतीत हो रही है. मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.