
बिहार के चर्चित कोचिंग शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर एक नए कानूनी विवाद में घिर गए हैं. उनके सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. इसके बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है और उनकी गिरफ्तारी की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं.
मामले से जुड़े घटनाक्रम के बीच खान सर फिलहाल सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए वह कानूनी सलाह लेने में जुटे हुए हैं. यह भी चर्चा है कि वह अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने का विकल्प तलाश सकते हैं.
रात भर कोचिंग सेंटर के बाहर क्या हुआ?
इधर, पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर के बाहर शुक्रवार रात से ही छात्रों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई. रात भर पुलिस की गाड़ियां इलाके में गश्त करती रहीं. बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस बेहद सावधानी के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है. शनिवार सुबह कोचिंग सेंटर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई. वहीं छात्रों का जमावड़ा भी लगातार बढ़ता दिखाई दिया.
कहां हैं खान सर?
सूत्रों का कहना है कि खान सर अपने वकीलों के संपर्क में हैं और आगे की कानूनी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं. इस बीच शुक्रवार रात सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह अफवाह भी फैली कि खान सर को गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.
क्या है मामला?
पूरा मामला उस समय नया मोड़ लेता दिखाई दिया जब गुरुवार को खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए कथित हमले से जुड़े घटनाक्रम के दौरान उनके सुरक्षा गार्ड का फायरिंग करते हुए एक वीडियो वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया.
क्या खान सर के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर?
पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों गिरफ्तार गार्डों से पूछताछ की गई. इसके बाद खान सर के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी.
खान सर की गिरफ्तारी की मांग उठने के बाद पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को लेकर बैठक भी की. जानकारी के अनुसार, पटना आईजी के नेतृत्व में हुई इस बैठक के बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई को और तेज किया. इसके बाद से ही खान सर के सार्वजनिक रूप से सामने न आने की चर्चा शुरू हो गई.-
पुलिस ने क्या कहा?
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. उनके हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य एकत्र कर रही है और जिन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलेंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
सिक्योरिटी गार्ड्स ने क्या कहा?
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ के दौरान खान सर के निर्देश पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है. हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच जारी है. मामले को लेकर यह भी चर्चा है कि इसी तरह के आरोपों में पहले ज्ञान बिंदु संस्थान के संचालक रोशन सर के खिलाफ भी कार्रवाई हो चुकी है. ऐसे में इस मामले पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.
उधर, कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों की मौजूदगी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन बेहद सतर्क है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है.



