
Kanpur : यूपी में शादियों का सीजन अपने साथ खुशियों के साथ-साथ कुछ ऐसे हाई-वोल्टेज ड्रामे भी लेकर आया है, जिसे सुनकर लोग हैरान हैं। जालौन और फतेहपुर से आए तीन अलग-अलग मामलों ने सुर्खियां बटोर ली हैं। कहीं बरात में न बुलाए जाने का बदला ‘वेल्डिंग’ से लिया गया, तो कहीं ‘घोड़ी’ पर बैठने से पहले ही दूल्हे को हवालात की हवा खानी पड़ी।
जालौन: बरात में नहीं बुलाया तो चाचा ने वेल्डिंग से सील किया घर
बदले की यह अनोखी कहानी जालौन के मोहल्ला नारोभास्कर की है। यहाँ मुहम्मद माजिद की बरात झांसी गई हुई थी। घर पर ताला लटका था, तभी नाराज चाचा मुहम्मद अजहर ने एक ऐसी हरकत की जिसकी चर्चा पूरे इलाके में है। दरअसल, माजिद ने अपने चाचा को शादी में आमंत्रित नहीं किया था।
तीन घंटे बाहर खड़ा रहा दूल्हा:
अगली सुबह जब माजिद अपनी दुल्हन नजमा के साथ घर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे पर वेल्डिंग देखकर दंग रह गया। चाचा ने मौके का फायदा उठाकर पूरे गेट को ही वेल्डिंग मशीन से सील करवा दिया था। दूल्हा-दुल्हन और बराती करीब तीन घंटे तक घर के बाहर खड़े रहे। आखिरकार पुलिस बुलाई गई और पुलिस की मौजूदगी में वेल्डिंग कटवाकर ताला तोड़ा गया, तब जाकर दुल्हन का गृह-प्रवेश हो सका।
फतेहपुर: बरात निकलने वाली थी, तभी पहुंच गई ‘प्रेमिका’
दूसरा मामला फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र का है। यहाँ मोहित नाम का युवक शादी रचाने की तैयारी में था। घर के बाहर बैंड-बाजा बज रहा था और दूल्हे की गाड़ी सज चुकी थी। तभी गुरुग्राम से उसकी प्रेमिका पुलिस के साथ उसके दरवाजे पर आ धमकी।
हवालात में कटी सुहागरात:
युवती का आरोप है कि मोहित ने शादी का झांसा देकर जनवरी 2023 से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसका आर्थिक शोषण भी किया। जब युवती को मोहित की दूसरी शादी का पता चला, तो वह सीधे थाने पहुंच गई। पुलिस ने शादी रुकवाई और दूल्हे को सीधे हवालात ले गई। समझौते के लिए लड़के पक्ष ने युवती को रुपयों का लालच भी दिया, लेकिन वह नहीं मानी और आरोपी दूल्हे को दुष्कर्म के आरोप में जेल भेज दिया गया।
मंडप छोड़कर प्रेमी के पास भागी दुल्हन, मंदिर में मिली बेसुध
फतेहपुर के ही खखरेरू क्षेत्र में एक और फिल्मी वाकया हुआ। यहाँ जयमाल की रस्म हंसी-खुशी संपन्न हो चुकी थी। दूल्हा-दुल्हन मंडप में फेरों के लिए बैठे ही थे कि दुल्हन के फोन पर एक कॉल आई। वह ‘अभी आती हूँ’ कहकर उठी और घर के पीछे के रास्ते से गायब हो गई।
प्रेमी ने दी थी सुसाइड की धमकी:
घर से 2 किलोमीटर दूर एक मंदिर के पास दुल्हन बेसुध हालत में मिली। उसने बताया कि उसका प्रेमी उसे कोर्ट मैरिज के लिए बुला रहा था और साथ न आने पर जहर खाने की धमकी दे रहा था। जब दुल्हन मंदिर पहुंची, तो प्रेमी वहां नहीं आया और बहाना बना दिया कि उसे पुलिस ने पकड़ लिया है। दुल्हन ने बाद में शादी से इनकार कर दिया और बरात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।



