Lorcan Tucker: भारत और आयरलैंड के बीच कल पहला टी20 मैच बेलफास्ट में खेला गया, जहां आयरलैंड की टीम ने शानदार खेल दिखाया और टीम इंडिया को 34 रनों से हराया. आयरलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए और भारत को 183 रनों का लक्ष्य दिया, लेकिन भारतीय टीम सिर्फ 148 रनों पर आलआउट हो गई, भारत के लिए सबसे ज्यादा रन अभिषेक शर्मा ने बनाए, उन्होंने 20 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली.

हालांकि भारतीय टीम को 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा, इसी के साथ 12वें मैच में आयरलैंड की टीम ने जीत हासिल कर बड़ा उल्टफेर कर दिया है, भारत को हराने के बाद आयरलैंड के कप्तान लॉरकन टकर ने इस जीत पर बात की है.
Lorcan Tucker ने इन्हें दिया जीत का पूरा श्रेय
भारत के खिलाफ पहली बार जीत हासिल करने वाले वो आयरलैंड के पहले कप्तान बने हैं, जिसके बाद जब लॉरकन टकर से पूछा गया कि टीम इंडिया को हराकर वो कैसा महसूस कर रहे हैं, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि
“यह बहुत खास था, लेकिन इसका श्रेय खिलाड़ियों को जाता है. मुझे लगता है कि हमने संघर्ष करके वह मैच जीता, मैच में कुछ मुश्किल पल भी आए, लेकिन हम डटे रहे. हमने मेहनत की और लगन दिखाई और किस्मत से आखिर में हमें इसका इनाम भी मिला.”
बतौर कप्तान भारत के खिलाफ अर्द्धशतक जड़ने पर उन्होंने कहा कि
“मुझे नहीं पता क्यों. मुझे यकीन है कि यह रिकॉर्ड जल्द ही टूट जाएगा. लेकिन हाँ, मेरे लिए शुरुआत अच्छी रही है.”
भारत की तारीफ़ में Lorcan Tucker ने कही ये बात
आयरलैंड की टीम एक समय पर 36 रनों पर 3 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन उन्होंने चौथे विकेट के लिए एक बड़ी साझेदारी की और स्कोर को 100 रनों के पार पहुंचाया, जिसके बाद कप्तान टकर ने गैरेथ डेलानी के साथ अपनी पार्टनरशिप पर बात की और कहा कि
“हाँ, मुझे लगता है कि भारत ने शुरुआत में बहुत अच्छी गेंदबाजी की. उन्होंने बहुत अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी की. वे अपनी लाइनलेंथ से भटके नहीं. वे उस पर डटे रहे, जिससे अच्छे शॉट खेलना मुश्किल हो गया. एक समय तो ऐसा लगा जैसे टेस्ट मैच चल रहा हो, लेकिन हमने गेम में बने रहने और पार्टनरशिप बनाने की कोशिश की, और फिर जब मौके मिले तो उनका फायदा उठाया.”
Lorcan Tucker ने डेब्यू करने वाले दोनों युवा गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय
टकर ने भारत के खिलाफ मिली इस जीत को बेहद खास बनाया और कहा कि भारत जैसे विश्व विजेता को हराना खास है, लेकिन इसका श्रेय युवा खिलाड़ियों को जाता है. टकर ने कहा कि
“मुझे लगता है कि यह बहुत खास है घरेलू मैदान पर वर्ल्ड चैंपियन को हराना, सीज़न का पहला मैच, T20 क्रिकेट, लेकिन इसका श्रेय खिलाड़ियों को जाता है. हमारे दो नए खिलाड़ियों ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया. पर्दे के पीछे जो मेहनत होती है, क्रिकेट आयरलैंड और हर कोई बहुत समर्पित है, और मुझे लगता है कि इसीलिए हम ऐसे नतीजे लाने और सबका समर्थन करने की कोशिश करते हैं.”
टकर ने भारत के खिलाफ जीत का पूरा श्रेय अपने 2 युवा खिलाड़ियों को दिया, जिन्होंने इस मैच में आयरलैंड के लिए डेब्यू किया था. टकर ने इन दोनों खिलाड़ियों को इसका श्रेय देते हुए कहा कि
“मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत हिम्मत दिखाई. भारत ने पहली पारी में जैसी गेंदबाजी की, उससे हमने बहुत कुछ सीखा. वे अपनी लेंथ से नहीं भटके. हमने अपने खिलाड़ियों को भी ऐसा ही करने के लिए कहा, और उन्होंने अपना हुनर, सटीकता और एक ही जगह पर गेंदबाजी करने की काबिलियत दिखाई, जिससे बल्लेबाजों के लिए मुश्किल हुई, तो इसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है. उन्होंने बहुत मेहनत की और जो हमने कहा था, उसके हिसाब से अपने प्लान को अंजाम दिया.”
टकर ने भारत को दूसरे मैच से पहले दी खुली चुनौती
आयरलैंड के कप्तान टकर ने भारत को दूसरे मैच से पहले खुली चुनौती दी है और कहा है कि उनका पूरा लक्ष्य अगले मैच को जीतकर भारत का सूपड़ा साफ करने पर होगा. टकर ने कहा कि
“बिल्कुल, हाँ. घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ सीरीज जीतना बहुत खास होगा. मुझे लगता है कि लड़के यहाँ वापस आने के लिए बहुत उत्साहित हैं. मुझे लगता है कि आज का जोश ज़बरदस्त था, भीड़ शानदार थी, बहुत ही खास.”


