
दरभंगा; Bihar Liquor Ban: बिहार में शराबबंदी की एक बार फिर पोल खुल गई। शराब लेकर जा रहा एक ट्रक बीच सड़क पर पलट गया। जैसे ही लोगों को ट्रक में शराब लदी होने की जानकारी मिली कि भारी भीड़ जुट गई। भीड़ में शामिल बच्चे और जवान शराब की बोतलें निकाल-निकालकर भागने लगे। घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र की है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक बहेड़ी के बघौल-अटहर मुख्य सड़क के बीच परवाहा बांध के पास बुधवार देर रात करीब दो बजे शराब लदा एक ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। थोड़ी देर में लोगों को पता चला कि ट्रक में शराब के कार्टन्स लदे हैं। देखते ही देखते भारी भीड़ जुट गई और ट्रक से शराब की बोतलें निकालने की होड़ मच गई। वहीं मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया जो वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि ट्रक के पलटने के बाद ड्राइवर और खलासी गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। गाड़ी को लावारिश पाकर लोग ट्रक में लदी शराब की बोतलें निकालने लगे। सूचना मिलने के बाद पुलिस करीब सुबह 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा थी। पुलिस आने के बाद लूट का सिलसिला बंद हुआ। लोगों को पुलिस ने वापस जाने को कहा पर भीड़ नहीं हटी। ट्रक का नंबर HR 45C 8635 है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया मामले में कार्रवाई कर रही है।
मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि ट्रक के मालिक की पहचान की जा रही है। ट्रक में लदी शराब किसने मंगाई थी, इस कारोबारी को खोजा जा रहा है। हर हाल में उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि राज्य में शराबबंदी कानून लागू है। सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा और जिन लोगों के घर से शराब की बरामदगी होगी उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बात साफ कर दिया है कि कड़े कानून और सरकार के प्रयास के बाद भी बिहार के लोगो का शराब प्रेम खत्म नहीं हो रहा है।
बिहार में 2016 नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार ने पूर्ण शराबबंदी कानून लागू किया। इसके तहत राज्य की सीमा में शराब का उत्पादन, भंडारण, परिवहन, खरीद-बिक्री, पीना, पिलाना सब गैरकानूनी है। अब तक लाखों लोगों पर इस कानून के तहत कार्रवाई हो चुकी है और लाखों लीटर शराब जब्त कर नष्ट किया जा चुका है। इस बीच जहरीली और मिलावटी सराब पीकर सैकड़ों लोगों की मौत भी हो चुकी है।



