नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में बाइक खरीदने को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर हत्या तक पहुंच गया। कोलावां गांव में शुक्रवार सुबह 26 वर्षीय कांति देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति मन्नू कुमार उर्फ लड्डू मांझी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक हथियार भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

घटना कल्याण बिगहा थाना क्षेत्र की है। कांति देवी पांच बेटियों की मां थी। परिजनों के मुताबिक, मन्नू कुमार करीब दो महीने पहले दरभंगा के एक ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद घर लौटा था। बताया जा रहा है कि वहां काम के दौरान उसने कुछ पैसे जमा किए थे और उन्हीं पैसों से बाइक खरीदना चाहता था।

वहीं, कांति देवी का कहना था कि परिवार की जरूरत को देखते हुए पहले घर बनाया जाना चाहिए। उसका तर्क था कि बाइक बाद में भी खरीदी जा सकती है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था।

गुरुवार को भी हुआ था विवाद

परिजनों के मुताबिक, बाइक खरीदने और घर बनाने को लेकर गुरुवार को पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट की बात भी सामने आई है। रात तक घर में तनाव का माहौल बना रहा।

शुक्रवार सुबह एक बार फिर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी पति पर कांति देवी को गोली मारने का आरोप है। घटना के वक्त बच्चे भी घर में मौजूद बताए जा रहे हैं। गोली लगने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कल्याण बिगहा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

वारदात के बाद आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी पति के वहां से निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आरोपी मन्नू कुमार को पकड़ लिया। उसके पास से एक हथियार बरामद किया गया है।

पुलिस बरामद हथियार को जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इसी हथियार का इस्तेमाल वारदात में किया गया था या नहीं।

घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।

पांच बेटियों की मां थी कांति देवी

कांति देवी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पांच बेटियों की मां की हत्या से परिजन सदमे में हैं। परिवार के मुताबिक, जिस घर में पति-पत्नी के बीच बाइक और मकान को लेकर विवाद चल रहा था, वहीं अब महिला की मौत के बाद चीख-पुकार मची हुई है।

कल्याण बिगहा ओपी प्रभारी निशा भारती ने बताया कि महिला की गोली मारकर हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, वारदात के घटनाक्रम और बरामद हथियार की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में अन्य साक्ष्यों और परिजनों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।