Featured Image

Bareilly Jija Sali Love Affair: जिस जीजा को वह रिश्ते में अपना भाई मानती थी, उसी के साथ बने कथित नाजायज रिश्ते ने एक बहन को अपनी ही बहन का दुश्मन बना दिया. प्यार के इस रिश्ते में बड़ी बहन को रोड़ा माना गया तो उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच दी गई. उत्तर प्रदेश के बरेली में करीब 15 साल पुराने इस हत्याकांड में अब अदालत का फैसला आया है. बरेली की एडीजे प्रथम कोर्ट ने आरोपी छोटी बहन को अपनी सगी बहन की हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है.

शौच के बहाने खेत में ले गई बहन

मामला बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है और घटना 18 जून 2011 की रात की है. मृतका अपने पति के साथ मायके आई हुई थी. इसी दौरान उसकी छोटी बहन उसे शौच जाने के बहाने खेत की तरफ ले गई. आरोप है कि वहां पहले से उसका जीजा मौजूद था. पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों ने मिलकर बड़ी बहन की हत्या की साजिश को अंजाम दिया. हत्या के बाद मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश की गई. आरोपी बहन ने शोर मचाते हुए पुलिस को बताया कि कुछ बदमाश उसकी बहन को अगवा करके ले गए हैं. लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ.

पूछताछ में खुला जीजा साली के नाजायज रिश्ते का राज़

पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद कथित अपहरण की कहानी टूट गई और हत्या की साजिश सामने आई. पुलिस ने मृतका के पति और उसकी छोटी बहन को गिरफ्तार किया था. जांच में दोनों के बीच नाजायज संबंध होने की बात सामने आई थी. इसी रिश्ते में बड़ी बहन को बाधा माना गया और उसकी हत्या कर दी गई.

कोर्ट में पेश हुए 12 गवाह

मामले की सुनवाई एडीजे प्रथम ज्ञान त्रिपाठी की अदालत में हुई. मुकदमे की सुनवाई के दौरान आरोपी जीजा की मौत हो गई, जिसके बाद छोटी बहन के खिलाफ मुकदमा जारी रहा. अभियोजन की ओर से अदालत में 12 गवाह पेश किए गए. इसके अलावा छुरी, कुल्हाड़ी और मुंह में ठूंसे गए कपड़े समेत अन्य बरामद सबूत भी अदालत के सामने रखे गए. शासकीय अधिवक्ता ने इसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि आरोपी ने अपने जीजा के साथ मिलकर सगी बहन की हत्या की थी.