Featured Image

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. देवबंद थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव सैनपुर उर्फ शहजादपुर निवासी मोहित पुत्र घसीटू और उसकी मां ओमवती पत्नी घसीटू के रूप में हुई है. पुलिस ने मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है.

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को मृतका के परिजनों की तहरीर पर मोहित के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. विवेचना के दौरान मोहित की मां ओमवती का नाम भी सामने आया, जिसके बाद मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई.

कई सालों से था मोहित का प्रेम संबंध

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोहित ने बताया कि उसका मृतका के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था. अब वह अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था. पुलिस के अनुसार, संबंध उजागर होने और बदनामी के चलते वह मृतका से पीछा छुड़ाना चाहता था.

मोहित ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर को उसने मृतका को अपनी छत पर बुलाया और उसका मोबाइल फोन बंद कर दिया. इसके बाद कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसने अपनी मां ओमवती को जगाकर घटना की जानकारी दी. दोनों ने कथित तौर पर शव को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर कपड़े से ढका और साखन नहर में फेंक दिया, ताकि शव बहकर नष्ट हो जाए.

अतर सिंह फार्म हाउस के पास से हुआ गिरफ्तार

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से और ओमवती को उसके घर से गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है.

गौरतलब है कि बुधवार को देवबंद क्षेत्र की साखन नहर में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी. शव पर चोट के निशान भी मिले थे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए शव की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की थी.