
Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी से बेवफाई और टॉर्चर की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे। एक पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की हैवानियत से तंग आकर जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मरने से पहले इस बेबस पति ने दो वीडियो रिकॉर्ड किए, जिसमें उसने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई। शख्स ने कैमरे पर बताया कि कैसे उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और धमकी दी कि, ‘तू मर जा, मैं उसके साथ मंदिर में जाकर जयमाला डालूंगी।’
‘पत्नी बोली- तू मर जा, मैं प्रेमी के साथ जयमाला डालूंगी’
मृतक की पहचान 45 साल के जितेंद्र अहिरवार के तौर पर हुई है जो मूल रूप से मोंठ थाना क्षेत्र के पावई गांव का रहने वाला था। सुसाइड से पहले जितेंद्र ने दो वीडियो बनाए थे जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
20 सेकेंड के पहले वीडियो में जितेंद्र जमीन पर गिरा हुआ है और उल्टी कर रहा है। वह दर्द से कराहते हुए कहता है, “ये (पत्नी) प्रदीप को रखे है। कहती है तू मर जा, मैं प्रदीप के साथ जयमाला डालूंगी। इसी लिए हमने दवा (जहर) पी ली है।”
1 मिनट 27 सेकेंड के दूसरे वीडियो में जितेंद्र कहता है, “प्रदीप और रामकुमारी (पत्नी) ने मुझे कमरे में बंद करके मारा है। मेरे कंधे में काटा है। वो कह रही थी कि पीतांबरा माई मंदिर में हम जयमाला डलवाने जा रहे हैं। जब पत्नी ने साफ कह दिया कि हम तुम्हें नहीं रखेंगे तब मैंने जहर खा लिया।”
घर आने-जाने वाले युवक से हुआ इश्क, पति ने रोका तो कमरे में बंद कर पीटा
जितेंद्र की शादी रामकुमारी से हुई थी और उनके तीन बच्चे (दो बेटे, एक बेटी) हैं। छोटे बेटे आशीष की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। गांव में खेती होने के बावजूद जितेंद्र अपने परिवार (पत्नी, बड़े बेटे कपिल और बहू) के साथ झांसी की पंचवटी कॉलोनी में किराए पर रहता था और प्राइवेट नौकरी करता था।
जितेंद्र के चचेरे भतीजे ने इस पूरे खौफनाक खेल का पर्दाफाश किया। भतीजे के मुताबिक झांसी वाले घर पर एक युवक (प्रदीप) का अक्सर आना-जाना था। धीरे-धीरे रामकुमारी और उस युवक के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्यार में बदल गई। जब जितेंद्र को इस नाजायज रिश्ते की भनक लगी तो घर में क्लेश शुरू हो गया।
भतीजे ने बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि रामकुमारी और उसके प्रेमी ने मिलकर जितेंद्र को कमरे में बंद कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस बेइज्जती और टॉर्चर से टूटकर जितेंद्र बुधवार को अपने गांव पावई आ गया और वहां आकर उसने जहर खा लिया।
तहरीर का इंतजार, पोस्टमार्टम के बाद शुरू होगी जांच
जितेंद्र की तबीयत बिगड़ने पर जब परिजन वहां पहुंच तो उसने जहर खाने की बात बताई। फौरन पुलिस को बुलाया गया और पुलिस के सामने भी जितेंद्र ने पत्नी और उसके प्रेमी प्रदीप का नाम लिया। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
FAQ
Q: झांसी में शख्स ने सुसाइड क्यों किया?
A: झांसी में जितेंद्र नाम के शख्स ने पत्नी की बेवफाई और उसके प्रेमी द्वारा कमरे में बंद कर पीटे जाने के सदमे में जहर खाकर जान दे दी।
Q: सुसाइड से पहले मृतक ने वीडियो में क्या कहा?
A: जितेंद्र ने वीडियो में बताया कि उसकी पत्नी रामकुमारी ने प्रेमी प्रदीप के साथ मिलकर उसे पीटा और धमकी दी कि वह मंदिर में जाकर उसके गले में जयमाला डालेगी।
Q: पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है?
A: पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



