
पटनाः ‘मंत्री-नेता सब गांजा-दारू पीते हैं, ब्लड जांच करा लीजिए…’ सांसद पप्पू यादव के इस बयान ने बिहार में महिला और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चल रही बहस को और गरमा दिया. हाल के दिनों में जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी, समस्तीपुर में युवती से कथित छेड़खानी का वीडियो और बांका में सामने आई घटना को लेकर पुलिस और सरकार पर सवाल उठे हैं. इन्हीं घटनाओं को लेकर पप्पू यादव ने इंटरव्यू में कानून-व्यवस्था, पुलिस की कार्रवाई और महिलाओं की सुरक्षा पर अपनी बात रखी.
पप्पू यादव ने बिहार में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ सामने आ रही घटनाओं का जिक्र करते हुए पुलिसिंग पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कई मामलों में पीड़ित परिवार सामाजिक दबाव के कारण केस तक दर्ज नहीं करा पाते. उन्होंने स्कूलों में छात्राओं के कथित यौन शोषण और पुलिस विभाग में महिला कर्मियों से जुड़े आरोपों का भी जिक्र किया. इसी दौरान बिहार सरकार के मंत्रियों और नेताओं को लेकर पप्पू यादव ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे लोगों की भी जांच होनी चाहिए.
नेता लोग भी दारू पीते… पप्पू यादव का बयान
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि- ‘ नेता लोग भी दारू पीते, गांजा-भांग पीते हैं. ये लोग इन लोगों का ब्लड जांच कर लीजिए. जो मंत्री हैं उनका ब्लड जांच कर लीजिए. डेली दारू पीते हैं ये लोग.’ यह आरोप पप्पू यादव ने इंटरव्यू के दौरान लगाए हैं. उन्होंने बिहार में सामने आ रही घटनाओं पर सरकार की प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाया.
पुलिस पर जमकर साधा निशाना
पप्पू यादव ने कहा कि कई मामलों में कार्रवाई तब होती है, जब घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है. उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सड़क पर उतरने और आंदोलन करने की बात भी कही. इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि महिला और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से काम करना चाहिए. उन्होंने अपने पुराने आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि वह ऐसे मामलों को लेकर पहले भी सड़क पर उतरते रहे हैं और आगे भी मुद्दे उठाते रहेंगे.



