
Dehradun Woman Abduction Attempt: उत्तराखंड के देहरादून में सुबह का वक्त था और सड़क पर रोज की तरह आवाजाही हो रही थी. एक महिला अपनी बेटी को कॉलेज बस में बैठाकर स्कूटर से घर लौट रही थी. तभी एक कार उसके पास आकर रुकी और उसमें सवार कुछ युवकों ने कथित तौर पर महिला को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश शुरू कर दी. महिला ने मदद के लिए शोर मचाया तो कुछ ही पलों में घटनास्थल का पूरा माहौल बदल गया. सड़क की सफाई कर रही तीन महिला सफाईकर्मी झाड़ू लेकर वहां पहुंचीं इसके बाद क्या हुआ चलिए विस्तार से जानें.
बेटी को बस में बैठाकर घर लौट रही थी महिला
पुलिस के मुताबिक, मामला देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक का है, जहां करीब 45 वर्षीय महिला बुधवार सुबह अपनी बेटी को कॉलेज जाने वाली बस तक छोड़ने गई थी. बेटी के बस में बैठने के बाद वह स्कूटर से वापस अपने घर के लिए निकल गई. महिला नालापानी चौक के पास पहुंची ही थी कि एक काले रंग की कार उसके स्कूटर के नजदीक आकर रुक गई. आरोप है कि कार में मौजूद युवकों ने महिला को पकड़ लिया और उसे जबरन कार के भीतर खींचने की कोशिश की. मामला सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसके बाद पुलिस अब संदिग्धों की जांच करेगी.
मदद के लिए चिल्लाई महिला
अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गई और उसने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी. उसकी चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर बढ़ने लगे. इसी दौरान सड़क किनारे सफाई कर रही तीन महिला सफाईकर्मियों की नजर भी घटना पर पड़ी, और वे महिला के लिए देवदूत साबित हुई. उनके पास उस वक्त सफाई में इस्तेमाल होने वाली झाड़ू थीं.
झाड़ू लेकर आरोपियों से भिड़ गईं सफाईकर्मी
पुलिस के मुताबिक, तीनों सफाईकर्मियों ने महिला को बचाने के लिए आरोपियों का सामना किया. उन्होंने झाड़ू से युवकों का विरोध किया और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया. सफाईकर्मियों के अचानक सामने आने और आसपास के लोगों के जुटने से कार सवार युवक घबरा गए. इसके बाद उन्होंने महिला को छोड़ दिया और वहां से भाग गए.
तीन से चार युवकों के शामिल होने का शक
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में घटना में तीन से चार युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है. हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हुई है. पुलिस ने महिला कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. और घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है.

