हिमाचल: दो युवक के पास मिला ढेर सारा चिट्टा, यूनिवर्सिटी के पास पैदल घूम रहे दोनों; छात्रों को सप्लाई….

पैदल घूम रहे दो युवकों की हरकतों पर पुलिस को हुआ शक, तलाशी में मिला चिट्टा

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पालमपुर क्षेत्र में यूनिवर्सिटी के आसपास चिट्टे की खेप लेकर घूम रहे दो युवकों को कांगड़ा पुलिस की CIA टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 25.37 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस की नजर उस समय दोनों पर गई, जब वे पैदल संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे थे। शक के आधार पर तलाशी ली गई तो उनके पास से नशे की बड़ी खेप बरामद हो गई।

यूनिवर्सिटी के नजदीक से चिट्टे की इतनी मात्रा बरामद होने के बाद अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह खेप शिक्षण संस्थान के आसपास युवाओं और छात्रों तक पहुंचाने की तैयारी तो नहीं थी। हालांकि, फिलहाल छात्रों को सप्लाई किए जाने की बात पुलिस जांच का विषय है और इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

जानकारी के अनुसार कांगड़ा पुलिस की CIA टीम ने पुलिस थाना पंचरुखी के तहत आने वाले श्री साई यूनिवर्सिटी बैंड के समीप विशेष गश्त और नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस कर्मियों की नजर दो युवकों पर पड़ी, जो पैदल संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे। दोनों की गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और शक के आधार पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ चिट्टे की बड़ी खेप लगी।

यह भी पढ़ें :

पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से कुल 25.37 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पंचरुखी में मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि इतनी मात्रा में चिट्टा दोनों आरोपियों तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।

यूनिवर्सिटी के आसपास से नशे की खेप बरामद होने के कारण जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि आरोपी इस चिट्टे को लेकर वहां क्यों घूम रहे थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशा व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए था या इसकी आगे सप्लाई की जानी थी। विशेष रूप से पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस खेप का संभावित लक्ष्य यूनिवर्सिटी या आसपास रहने वाले युवा थे। अभी इस संबंध में कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें :

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलविंदर सिंह निवासी दवावाल कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब और ऋषभ कुमार निवासी अवेरी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान नशे की खेप के स्रोत और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे दिया जाना था। इसके अलावा सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें : 

कांगड़ा पुलिस लगातार जिले में नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। यूनिवर्सिटी क्षेत्र के पास हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस की नजर अब इस बात पर है कि कहीं शिक्षण संस्थानों के आसपास नशे की सप्लाई का कोई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और जांच आगे बढ़ने के साथ यह स्पष्ट होगा कि बरामद चिट्टे की खेप कहां से आई थी और इसके पीछे कौनकौन लोग जुड़े हुए हैं।