दिल्लीदेहरादून एक्सप्रेसवे पर हाल ही में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे देश का ध्यान सड़क सुरक्षा की ओर खींचा है. इस हादसे में एक Tata Tigor और Mahindra ScorpioN की टक्कर हुई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि टाटा टिगोर सड़क पर खड़ी थी, लेकिन बाद में सामने आए CCTV फुटेज से पता चला कि कार छूटे हुए एग्जिट पर वापस जाने के लिए एक्सप्रेसवे पर रिवर्स हो रही थी. यही इस हादसे की सबसे बड़ी वजह बनी.

एक्सप्रेसवे पर हुई यह घटना यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए एक सबक है, क्योंकि एक्सप्रेसवे पर एक छोटी सी गलती भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है. इसलिए एक्सप्रेसवे पर ड्राइविंग दौरान कई बातों का ध्यान रखना चाहिए.

1. एक्सप्रेसवे पर कभी भी गाड़ी रिवर्स न करें

अगर आप एक्सप्रेसवे पर अपना एग्जिट मिस कर देते हैं, तो कभी भी गाड़ी को पीछे न लें. एक्सप्रेसवे पर वाहन आमतौर पर 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं. अगर कोई गाड़ी सिर्फ 10 से 15 किमी/घंटा की रफ्तार से पीछे आती है, तो पीछे से तेज गति से आ रही गाड़ियों के पास बचने का बहुत कम समय होता है. ऐसे में बड़ा हादसा होना लगभग तय हो जाता है.

अगर एग्जिट छूट जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है. अगले एग्जिट तक जाएं और वहां से वापस अपने रास्ते पर आएं. कुछ मिनट और कुछ किलोमीटर का नुकसान, आपकी जान से कहीं ज्यादा कीमती है.

2. 5स्टार सेफ्टी रेटिंग भी हर हादसे में जान नहीं बचा सकती

आजकल लोग कार खरीदते समय सेफ्टी रेटिंग को काफी महत्व देते हैं. यह अच्छी बात है, लेकिन सिर्फ 4स्टार या 5स्टार रेटिंग होने से हर दुर्घटना में सुरक्षा की गारंटी नहीं मिलती. इस हादसे में शामिल Tata Tigor को Global NCAP से 4स्टार और Mahindra ScorpioN को 5स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है.

लेकिन असली सड़क हादसे लैब में होने वाले क्रैश टेस्ट जैसे नहीं होते. जब एक भारी SUV तेज रफ्तार से पीछे से हल्की कार में टक्कर मारती है, तो नुकसान बहुत ज्यादा हो सकता है. इसलिए अच्छी सेफ्टी रेटिंग वाली कार जरूर खरीदें, लेकिन लापरवाही कभी न करें.

3. एक्सप्रेसवे पर हमेशा दूर तक नजर रखें

तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते समय सिर्फ सामने वाली गाड़ी को देखना पर्याप्त नहीं है. ड्राइवर को सड़क पर काफी दूर तक नजर रखनी चाहिए. 100 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही कार हर सेकंड लगभग 28 मीटर की दूरी तय करती है. अगर अचानक आगे कोई गाड़ी रिवर्स करती हुई या खड़ी दिखाई दे, तो ब्रेक लगाने के लिए बहुत कम समय बचता है.

ड्राइविंग के दौरान हमेशा आगे की सड़क पर नजर रखें और संभावित खतरे को पहले ही पहचानने की कोशिश करें. किसी आपात स्थिति में सिर्फ खतरे को देखते न रहें, बल्कि उस रास्ते को देखें जहां से सुरक्षित निकला जा सके. आपकी कार अक्सर उसी दिशा में जाती है, जहां आपकी नजर होती है.