Meerut Sub Inspector Arrested: मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सब इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गंगानगर थाने में तैनात दरोगा प्रकाश चंद्र एक मुकदमे की जांच में नाम हटाने और अनुकूल रिपोर्ट लगाने के बदले घूस की मांग रहा था। सीधे पैसे बोलने की बजाय अनार कोडवर्ड इस्तेमाल करते हुए घूस मांगी। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत मांगने के लिए ‘अनार’ बनाया कोडवर्ड
जानकारी के मुताबिक 1993 बैच के दरोगा प्रकाश चंद्र ने शिकायतकर्ता से सीधे रुपये मांगने के बजाय कोडवर्ड का इस्तेमाल किया। उसने कहा 2 किलो अनार लेकर आना। जब शिकायतकर्ता ने इसका मतलब पूछा तो दरोगा ने बताया कि अनार 10 हजार रुपये किलो है औऱ उसे 2 किलो अनार चाहिए।
फोन पर बुलाकर तय की रकम
शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाई। शिकायतकर्ता ने दरोगा को फोन कर बताया कि वह अनार लेकर आ गया है, जिस पर दरोगा ने मेरठ पुलिस लाइन के गेट नंबर 3 के पास बुलाया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही दरोगा को रुपये थमाए टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा को सिविल लाइंस थाने ले जाकर पूछताछ की गई।
खबर अपडेट हो रही है…



