भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और जून 2026 इस सेक्टर के लिए कई बड़े रिकॉर्ड लेकर आया है. इसी महीने TVS Motor ने 10 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री का आंकड़ा पार किया. वहीं Ather Energy ने 7 लाख और Greaves Electric Mobility ने 3 लाख रिटेल बिक्री का रिकॉर्ड बनाया. अब बजाज ऑटो ने भी एक नया मुकाम हासिल करते हुए अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक की कुल 8 लाख से ज्यादा यूनिट बेच दी हैं.

वाहन पोर्टल के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2020 से 27 जून 2026 तक बजाज ऑटो ने कुल 8,00,085 इलेक्ट्रिक स्कूटर ग्राहकों तक पहुंचाए हैं. इसके साथ ही बजाज ऑटो भारत की तीसरी ऐसी इलेक्ट्रिक दोपहिया कंपनी बन गई है जिसने 8 लाख से ज्यादा रिटेल बिक्री का रिकॉर्ड बनाया है. इससे पहले केवल Ola Electric और TVS Motor ही 10 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बेचने में सफल हुई हैं.
इलेक्ट्रिक अवतार में हुआ लॉन्च
बजाज चेतक को पहली बार 1972 में लॉन्च किया गया था. यह प्रतिष्ठित स्कूटर आम भारतीय परिवारों की जरूरत का हिस्सा बन गया था. इसका निर्माण 1972 से 2006 तक पेट्रोल मॉडल के रूप में किया गया. इसके बाद 2019 में कंपनी ने इसे नए इलेक्ट्रिक अवतार में फिर से बाजार में उतारा. कंपनी ने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का नाम पुराना ही इस्तेमाल किया, जिससे इसकी लोकप्रियता का फायदा उठाया जा सके. कुल मिलाकर नए बजाज चेतक में पुराना नाम और नए इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी का शानदार कॉम्बिनेश है.
बजाज चेतक की कीमत
बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत ₹96,504 से ₹1.39 लाख के बीच है. भारतीय बाजार में मेटल बॉडी वाला सबसे भरोसेमंद इलेक्ट्रिक स्कूटर बजाज चेतक माना जाता है. आज जहां ज्यादातर इलेक्ट्रिक स्कूटर प्लास्टिक बॉडी के साथ आते हैं, वहीं बजाज चेतक में पूरी स्टील बॉडी दी गई है. इससे यह ज्यादा मजबूत, टिकाऊ और प्रीमियम महसूस होता है.
बजाज चेतक की रेंज
यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 2501, 3001 और 35 सीरीज समेत कई वेरिएंट में उपलब्ध है. इसमें नियोरेट्रो डिजाइन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 35 लीटर तक का अंडरसीट स्टोरेज, रिवर्स असिस्ट जैसे कई आधुनिक फीचर्स मिलते हैं. रेंज की बात करें तो बजाज चेतक एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 123 किलोमीटर तक चलने का दावा करता है, जो शहर में रोजाना इस्तेमाल के लिए पर्याप्त मानी जाती है.



