हर इंसान का सपना होता है कि भविष्य के लिए उसके पास एक बड़ा बैंक बैलेंस हो. अक्सर लोग निवेश के नाम पर घबरा जाते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि शेयर बाजार का जोखिम उनकी मेहनत की कमाई डुबा सकता है. लेकिन अगर आप अपनी कमाई शुरू होते ही हर महीने सिर्फ 12,500 रुपये बचाने की आदत डाल लें, तो अगले 24 सालों में आप बड़ी ही आसानी से एक करोड़ रुपये से ज्यादा का भारीभरकम फंड तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको किसी चमत्कार की नहीं, बल्कि पब्लिक प्रोविडेंट फंड और म्यूचुअल फंड के एक सटीक फॉर्मूले की जरूरत है. आइए जानते हैं कि कैसे कम जोखिम लेकर भी यह बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है.

बाजार गिरे या उठे आपका पैसा रहेगा सुरक्षित

पैसे बढ़ाने की शुरुआत हमेशा किसी मजबूत बुनियाद से करनी चाहिए. पीपीएफ सरकार द्वारा चलाई जाने वाली एक ऐसी भरोसेमंद स्कीम है, जहां शेयर बाजार की हलचल का कोई असर नहीं पड़ता. यहां निवेश करने वाले को पहले दिन से मालूम होता है कि तय समय बाद उसे कितने पैसे मिलेंगे. फिलहाल इस स्कीम पर सरकार 7.1 फीसदी का निश्चित सालाना ब्याज दे रही है, जिसका ट्रैक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है. इसके साथ ही, अगर आप पुरानी टैक्स रिजीम चुनते हैं, तो एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा करके इनकम टैक्स में छूट भी हासिल कर सकते हैं.

12500 मंथली से जुड़ेंगे 40 लाख

इसे एक आसान उदाहरण से समझते हैं. मान लीजिए आपकी उम्र अभी 25 साल है और आपने पीपीएफ में हर महीने 12,500 रुपये निवेश करना शुरू कर दिया. इसका मतलब है कि आप साल भर में कुल 1.50 लाख रुपये जमा कर रहे हैं. जब आप 40 साल के होंगे, तब 15 साल बाद आपका पीपीएफ खाता मैच्योर हो जाएगा. इन 15 सालों में आपकी जेब से कुल 22,50,000 रुपये जमा होंगे, जबकि इस पर आपको 18,18,209 रुपये केवल ब्याज के रूप में मिलेंगे. यानी मैच्योरिटी पर आपके हाथ में 40,68,209 रुपये की एकमुश्त रकम आएगी. इस योजना की सबसे बड़ी खूबी इसका ‘EEE’ स्टेटस है. इसका मतलब है कि निवेश की गई रकम, उस पर मिला ब्याज या मैच्योरिटी का पैसा, किसी भी स्तर पर सरकार आपसे एक भी रुपया टैक्स नहीं वसूलती. पूरा पैसा सीधे आपके बैंक खाते में आता है.

ऐसे पार होगा एक करोड़ का आंकड़ा

असली वेल्थ क्रिएशन का खेल यहां से शुरू होता है. पीपीएफ खाते से मिले उन 40,68,209 रुपये को आपको खर्च नहीं करना है, बल्कि उसे किसी अच्छी इक्विटी म्यूचुअल फंड स्कीम में एक साथ डाल देना है. अगर हम लंबी अवधि के हिसाब से सालाना 12 फीसदी का एक सामान्य रिटर्न भी मान लें, तो सिर्फ 9 सालों में आपका यह पैसा तेजी से बढ़कर 1,10,92,315 रुपये हो जाएगा. इस तरह कुल 24 सालों के भीतर आपके पास एक करोड़ रुपये का तगड़ा फंड तैयार हो जाएगा.

अब बात टैक्स की करते हैं. म्यूचुअल फंड से हुई इस कमाई पर आपको 12.5 फीसदी की दर से लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स चुकाना होगा, जो करीब 8.75 लाख रुपये बैठेगा. सारा टैक्स भरने के बाद भी आपके पास एक करोड़ रुपये से ज्यादा की ठोस रकम बचेगी, जो भविष्य की बड़ी जरूरतों के लिए एक मजबूत सहारा बनेगी.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.