हिमाचल प्रदेश में मुबारिकपुर–रानीताल नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। मानगढ़ के पास गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अचानक सड़क पर पलट गया। ट्रक में कुल 339 एलपीजी गैस सिलेंडर लदे हुए थे। गनीमत यह रही कि किसी भी सिलेंडर में आग नहीं लगी, वरना एक भयानक विस्फोट हो सकता था। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
सामने से आई गाड़ी को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। ट्रक चालक प्रभु मेहता जालंधर से गैस सिलेंडर लेकर पालमपुर की ओर जा रहे थे।
जैसे ही ट्रक मानगढ़ के एक तीखे मोड़ के पास पहुंचा, सामने से एक गाड़ी गलत दिशा में आती दिखाई दी। उसे बचाने के लिए चालक ने ट्रक को साइड में मोड़ दिया। इसी दौरान ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और भारी भरकम वाहन सड़क पर पलट गया।
चालक को आई हल्की चोटें
ट्रक पलटने के बाद चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल चालक को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार चालक को हल्की चोटें आई हैं और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खतरनाक मोड़ बना हादसों का कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानगढ़ का यह मोड़ बेहद खतरनाक है और यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों के मुताबिक अगर सिलेंडरों में आग लग जाती तो बड़ा धमाका हो सकता था और आसपास के इलाके में भारी नुकसान हो सकता था।
पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और क्या इसमें किसी अन्य वाहन की लापरवाही भी शामिल थी।
फिलहाल समय रहते स्थिति संभल जाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई और इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली।