Varanasi Lover News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शादीशुदा गर्लफ्रेंड के लिए एक युवक हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। वाराणसी पुलिस के पहुंचने पर युवक ने प्रेमिका को बुलाने की जिद्द की। काफी मनाने के बाद वो सुरक्षित नीचे उतरा।

अभिषेक कुमार झा, वाराणसी: शोले फिल्म का पानी टंकी पर चढ़ कर बसंती के लिए धर्मेंद्र का वो कल्ट सीन सभी को याद होगा। जब धर्मेंद्र शादी की बात को लेकर टंकी पर चढ़ जाते है और डायलॉग मारते हैं ‘कूद जाऊंगा फांद जाऊंगा।’ कुछ ऐसा ही नजारा आज वाराणसी में भी देखने को मिला। बस फर्क ये है कि यहां युवक पानी की टंकी की जगह हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। वो अपनी शादीशुदा प्रेमिका के लिए ऐसा करता नजर आया।
मिर्जामुराद थाने के खरगामपुर का युवक अशोक चौहान एक शादीशुदा महिला के प्रेम में टावर पर चढ़ गया। 4 घंटे तक नीचे मिर्जामुराद थाने की पुलिस, फायर बिग्रेड के जवान मनुहार करते रहे। हालांकि युवक 4 घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा। इस पूरे तमाशे को देखने के लिए आस-पास के गांव वाले भी नीचे खड़े रहे।
शादीशुदा प्रेमिका से हुआ झगड़ा
मिर्जामुराद थाने के खरगामपुर का रहने वाला 20 वर्षीय युवक अशोक चौहान गांव की रहने वाली एक शादीशुदा महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर दोनों में जबरदस्त झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद सुबह 11 बजे अशोक गांव से गुजरने वाले एक हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ते देख उधर मौजूद गांववालों ने तत्काल 112 पर कॉल किया।
प्रेमिका को बुलाने की मांग कर रहा था युवक
मिर्जामुराद थाने के प्रभारी ने बताया कि जैसे ही युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थाने से फोर्स को मौके पर भेजा गया। इसी बीच फायर बिग्रेड की टीम को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने के बाद हम लोगों ने बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक बार-बार उस महिला को वहां बुलाने की मांग करता रहा।
धीरे-धीरे कई गांव के लोग वहां पहुंच गए, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। एसीपी राजातालाब मौके पर पहुंचे तो उनके काफी समझाने बुझाने पर युवक नीचे उतरा। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और उसके मानसिक स्थिति का भी पता लगा रही है।