Mathura News: प्रेमानंद महाराज के केलि कुंज आश्रम के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब अपने लापता बेटे की तलाश में पहुंचे मेरठ निवासी दंपति के साथ मारपीट की गई. बताया जा रहा कि दंपति अपने बेटे प्रिंस की तलाश और उसकी वापसी की मांग को लेकर आश्रम के बाहर धरने पर बैठे थे. इसी दौरान उनकी आश्रम के कुछ अनुयायियों और शिष्यों से कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने के बाद मारपीट हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी.

10 मई 2024 से लापता है बेटा

पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनका बेटा प्रिंस 10 मई 2024 को अपने परिजनों के साथ केलि कुंज आश्रम आया था. परिवार का कहना है कि वे प्रेमानंद महाराज की एकांतिक वार्ता में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि वार्ता खत्म होने के बाद प्रिंस आश्रम परिसर से बाहर नहीं आया और उसी दिन से उसका कोई पता नहीं चल सका. बेटे की तलाश में परिवार ने कई जगह संपर्क किया, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें प्रिंस के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली. इसके बाद परेशान मातापिता बेटे की तलाश में फिर से केलि कुंज आश्रम पहुंचे.

ये भी पढे़ं

बेटे की वापसी की मांग को लेकर धरना

दंपति का कहना था कि जब तक उनका बेटा वापस नहीं मिलता, वे आश्रम के बाहर से नहीं जाएंगे. इसी मांग को लेकर दोनों आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए. परिवार अपने बेटे की जानकारी और उसकी वापसी की मांग कर रहा था. बताया जा रहा कि धरने के दौरान ही कुछ आश्रम अनुयायियों और दंपति के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई. घटना के बाद आश्रम के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया

मारपीट की सूचना मिलते ही वृंदावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है. पुलिस अब मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं. इन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मातापिता का दर्द आया सामने

दो साल से ज्यादा समय से बेटे की तलाश कर रहे मातापिता का कहना है कि वे लगातार अपने बेटे को ढूंढ रहे हैं. उनका आरोप है कि प्रिंस आश्रम आने के बाद लापता हुआ था, इसलिए वे आश्रम के बाहर अपनी बात रखना चाहते थे. इसी दौरान उनके साथ मारपीट की घटना हो गई. फिलहाल पुलिस मारपीट के मामले की जांच के साथसाथ दंपति के लापता बेटे से जुड़े दावों की भी पड़ताल कर रही है.