शिमला। हिमाचल प्रदेश के चौपाल में एक साहसी स्कूली छात्रा ने उस वक्त मिसाल कायम कर दी, जब उसने बीच सड़क पर छेड़छाड़ कर रहे युवक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिए और पूरी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली।

मामला शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र का है। स्कूल से घर लौट रही छात्रा को रास्ते में अब्दुल नामक युवक ने रोक लिया। आरोप है कि उसने छात्रा को जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठाने की कोशिश की। लेकिन छात्रा डरी नहीं — उसने तुरंत मोबाइल निकाला और वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। कैमरा देखते ही आरोपी के हाथ-पांव फूल गए।

छात्रा ने दिखाई गजब की हिम्मत

वायरल हुए वीडियो में साफ दिखता है कि छात्रा आरोपी को कड़ी फटकार लगा रही है और उससे उसकी मां का फोन नंबर मांग रही है। छात्रा ने दो टूक कहा — “राह चलते किसी भी लड़की को परेशान करना गलत है।” इस दौरान उसने आरोपी को थप्पड़ भी जड़े। आरोपी खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आया और कुछ देर बाद मौके से फरार हो गया।

24 घंटे में पकड़ा गया आरोपी

घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने चौपाल थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर तलाश शुरू की और अगले ही दिन गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे आरोपी अब्दुल को चौपाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसे पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।