हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से खिली धूप और बढ़ते तापमान के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज रात से प्रदेश में मौसम बदलने लगेगा और इसका असर अगले चार दिनों तक देखने को मिलेगा। विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम में इस बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड दोबारा बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 27 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इसका प्रभाव खास तौर पर ऊंचाई वाले इलाकों में अधिक दिखाई देगा। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं मध्यम ऊंचाई और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। यह दौर करीब चार दिनों तक रुक-रुक कर जारी रहने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार 27 और 28 फरवरी को ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात देखने को मिल सकता है। 1 मार्च को मौसम कुछ हद तक साफ रहने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन 2 और 3 मार्च को एक बार फिर मौसम सक्रिय हो सकता है। इस दौरान कई पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज होने की संभावना है। ऐसे में इस बार होली के दौरान भी मौसम खलल डाल सकता है।
प्रदेश में गुरुवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है और आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बीते दिनों अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था, लेकिन अब बारिश और बर्फबारी के बाद इसमें गिरावट आएगी। इससे लोगों को फिर से ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
इस सर्दी सीजन में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। खासकर फरवरी महीने में वर्षा की भारी कमी ने कृषि और बागवानी क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है। सेब उत्पादकों को समय से पहले फूल आने और आगे चलकर पानी की कमी की आशंका सता रही है।
हालांकि पिछले दिनों खिली धूप से लोगों और पर्यटकों को राहत मिली थी। शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब ताजा बर्फबारी की संभावना से सैलानियों का उत्साह और बढ़ सकता है, जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश के पर्यटन कारोबार को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है।