हिमाचली खबर: Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर एक ही रस्सी के सहारे फंदा लगाकर एक प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान 15 वर्षीय किशोरी चांदनी और 17 वर्षीय युवक उमेश के रूप में हुई है, जो रिश्ते में जीजासाली थे. पेड़ पर एक साथ दो शव लटके होने की सनसनीखेज खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.

जानकारी के अनुसार, मृतका चांदनी की बड़ी बहन की शादी करीब छह साल पहले उमेश के बड़े भाई नरेश के साथ हुई थी. अपनी बहन के ससुराल आनेजाने के दौरान चांदनी की मुलाकात उमेश से हुई. धीरेधीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और वे एकदूसरे के बेहद करीब आ गए. पिछले एक साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा था. उमेश अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और खेतीकिसानी के काम में हाथ बंटाता था.
‘शौच’ का बहाना बनाकर निकली थी किशोरी
परिजनों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे चांदनी यह कहकर घर से निकली थी कि वह शौच के लिए जा रही है. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी बीच गांव के बाहर एक खेत में लगे बबूल के पेड़ पर चांदनी और उमेश के शव एक ही फंदे से लटके हुए मिले. ग्रामीणों के अनुसार, शव करीब चार घंटे तक पेड़ पर ही लटके रहे.’
परिजनों ने दी थी शादी की रजामंदी, फिर क्यों उठाया ये कदम?
पुलिस और परिजनों की मानें तो शुरुआती दौर में परिवार ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया था, लेकिन बाद में वे दोनों की शादी के लिए तैयार हो गए थे. मृतका की मां ने बताया कि उन्होंने चांदनी को भरोसा दिलाया था कि अगले साल उसकी शादी उमेश से ही कर दी जाएगी. वहीं मृतका के पिता का कहना था कि परिवार पहले बड़े बेटे की शादी करना चाहता था, जिसके तुरंत बाद उमेश और चांदनी का विवाह तय था. जब दोनों की शादी की बात पक्की हो चुकी थी, तो उन्होंने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, यह रहस्य बना हुआ है.
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कटरा बाजार थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर घटनास्थल की गहन जांच कराई. पुलिस को शवों के पास से एक कीपैड वाला मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, क्योंकि दोनों एंड्रॉयड फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे. करनैलगंज के क्षेत्राधिकारी अभिषेक दवच्चा ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाया जा सके.



