Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देहात कोतवाली पुलिस द्वारा एक लापता बालक को 72 घंटे में सकुशल बरामद किए जाने के बाद थाने में खुशी का माहौल देखने को मिला. परिजनों ने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए ढोलनगाड़ों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस टीम का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया. दरअसल, बच्चा किसी बात से नाराज होकर घर से चला गया था. जिसके बाद उसकी तलाश की गई. काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों पुलिस को सूचना दी थी. पुलिस ने बच्चे को पंजाब से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है.

जानकारी के अनुसार, थाना देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी मुन्ना पुत्र मुंतिजार किसी बात से नाराज होकर घर से बिना बताए चला गया था, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की और तकनीकी साधनों के साथसाथ CCTV फुटेज खंगाले और आसपास के जिलों और राज्यों में बच्चे की डिटेल भेजी.
पंजाब से बरामद किया
कुछ घंटों बाद पुलिस टीम को मुन्ना की पंजाब में होने की जानकारी मिली. देहात कोतवाली पुलिस ने बच्चे की लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे पंजाब से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस जैसे ही बच्चे को बरामद करके थाने लेकर पहुंची तो परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. परिवार के लोग ढोलनगाड़े बजाते हुए थाने पहुंचे और पुलिस टीम का फूलमालाओं से स्वागत किया. इस दौरान थाने का माहौल जश्न में बदल गया.
परिजनों ने जताई खुशी
परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि कम समय में बच्चे को सुरक्षित वापस लाकर पुलिस ने उनका भरोसा और मजबूत किया है. एसपी सिटी सहारनपुर व्योम बिंदल ने बताया बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद उसकी बरामदगी के लिए टीम गठित की गई थी. टीम ने बच्चे को पंजाब से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है.



