हिमाचली खबर: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के घंघोरा पिपरिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक मंदिर परिसर में पशु का सिर और अन्य अवशेष पड़े मिले. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र का माहौल खराब करने की साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

बताया जा रहा है कि सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो उन्होंने परिसर के अंदर पशु के अवशेष पड़े देखे. यह बात कुछ ही देर में पूरे गांव में आग की तरह फैल गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी. वहीं इसे लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है और इलाके में पुलिस गश्त कर रही है.
पुलिस ने हटवाए अवशेष
मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले मंदिर परिसर में पड़े अवशेषों को हटवाया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जाएगी.पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और यह पता लगाने में जुटी है कि अवशेष किसने और किस मकसद से फेंके.
घटना को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं. वहीं पुलिस संदिग्ध लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकत किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर की गई लगती है, ताकि गांव का माहौल खराब हो और लोगों के बीच तनाव पैदा हो.
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता अर्जुन सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और मामले पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.



