कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घास काटने के लिए घर से निकली एक महिला की दर्दनाक हादसे में जान चली गई। खड़वेचा और टिक्करधार के बीच घास काटते समय महिला का अचानक पैर फिसल गया और वह करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह दुखद हादसा सोमवार दोपहर करीब एक बजे कुल्लू जिले की नित्थर पंचायत के खड़वेचा गांव के समीप पेश आया। मृतका की पहचान 50 वर्षीय कमला देवी पत्नी चेत राम, निवासी गांव खड़वेचा के रूप में हुई है। रोजमर्रा के काम के लिए घर से निकली महिला के साथ हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
गहरी खाई में मिला महिला का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमला देवी सोमवार को खड़वेचा और टिक्करधार के बीच घास काटने गई थीं। वह ढलानदार क्षेत्र में घास काट रही थीं कि इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह नीचे गहरी खाई में जा गिरीं। खाई की गहराई करीब 100 मीटर बताई जा रही है। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हलचल मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्राम पंचायत नित्थर के प्रधान प्रवीण कुमार और उपप्रधान कुकू ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को खाई से बाहर निकालने में सहयोग किया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पंचायत प्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की है कि घास काटते समय विशेष सावधानी बरतें। पहाड़ी क्षेत्रों में खड़ी ढलानों, फिसलन भरी जमीन और गहरी खाइयों के आसपास काम करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे स्थानों पर जरा-सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव
हादसे की सूचना मिलने पर नित्थर पुलिस चौकी के प्रभारी सहित पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी आनी राजीव मेहता ने घटना की पुष्टि की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में घास काटने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को सामने ला दिया है। कमला देवी की मौत से खड़वेचा गांव में शोक का माहौल है।



