Featured Image

Tamil Nadu TVK Leader L Christopher Arrested: तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां सत्ताधारी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेता एल. क्रिस्टोफर को एक कॉलेज छात्रा के यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी क्रिस्टोफर टीवीके की केंद्रीय जिला कार्यकारिणी समिति का सदस्य है। आरोप है कि उसने तेज बारिश के दौरान घर छोड़ने के बहाने छात्रा को अपनी कार में लिफ्ट दी और फिर रास्ते में उसके साथ गंदी हरकत की।

बारिश में बस का इंतजार कर रही थीं दोनों सहेलियां

जानकारी के मुताबिक नागरकोइल के एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ने वाली पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ कॉलेज से घर लौट रही थी। दोनों बस स्टॉप पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थीं तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान टीवीके नेता एल. क्रिस्टोफर अपनी कार से उस रास्ते से गुजर रहा था। क्रिस्टोफर पीड़िता की सहेली को पहले से जानता था, इसलिए उसने कार रोकी और दोनों को घर छोड़ने की पेशकश की।

सहेली को उतारने के बाद रास्ते में रोकी कार

बारिश तेज होने और पुरानी जान-पहचान की वजह से दोनों छात्राएं भरोसे में आकर उसकी कार में बैठ गईं। पुलिस के मुताबिक क्रिस्टोफर ने पहले अपनी परिचित छात्रा को मोलाचल में उसके घर के पास उतार दिया। इसके बाद वह पीड़ित छात्रा को छोड़ने के लिए कुलशेखरम की तरफ बढ़ने लगा। आरोप है कि रास्ते में सुनसान जगह देखकर क्रिस्टोफर ने अचानक कार रोक दी और छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न शुरू कर दिया।

कार से भागने की कोशिश में नाकाम रही छात्रा

अचानक हुई इस हरकत से छात्रा घबरा गई। उसने नेता का कड़ा विरोध किया और कार का दरवाजा खोलकर बाहर भागने की कोशिश भी की लेकिन आरोपी ने उसे बाहर नहीं निकलने दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नेता छात्रा को उसके घर के पास उतारकर मौके से फरार हो गया।

FIR के बाद फरार हुआ नेता गिरफ्तार, सीएम विजय घिरे

किसी तरह घर पहुंची डरी-सहमी छात्रा ने तुरंत अपने माता-पिता और सहेली को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद उसी दिन दोनों छात्राएं और परिजन पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। केस दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी क्रिस्टोफर अंडरग्राउंड हो गया था, जिसे पुलिस ने छापेमारी के बाद गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि तमिलनाडु में कुछ महीने पहले ही टीवीके (TVK) की सरकार बनी है। ऐसे में अपनी ही पार्टी के नेता की इस करतूत के बाद मुख्यमंत्री विजय विपक्ष के सीधे निशाने पर आ गए हैं। विपक्षी दलों ने राज्य में महिला सुरक्षा और सत्ताधारी नेताओं की गुंडागर्दी को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।