अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के आगामी भारत दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है. इसका कारण अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का दिया एक बयान है, जिसमें उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर को मुंबई में रुबियो से मिलने जाने की बात कही थी. इसी पर अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तंज कसा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछे हैं.

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने को कहा है. उन्होंने लिखा कि ‘मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है.’ राहुल ने आगे पीएम मोदी से सवाल करते कहा कि विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर भ्रमित हैं कि आखिर क्या हो रहा है.

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने क्या कहा था?

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 15 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में Bloomberg New Economy Forum के एक इंटरैक्टिव सेशन के दौरान यह बयान दिया था. गोर ने कहा था कि, हमें उम्मीद है कि मंत्री डॉ. एस जयशंकर वहां होंगे, और दिल्ली से दूसरे लोगों के साथ दौरा करके अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुंबई में मिलने आएंगे.

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर 2026 तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. यह उनका इस साल 2026 दूसरा भारत दौरा होगा. अपने दौरे के दौरान रुबियो मुंबई और गुजरात के जामनगर भी जाएगा. जामनगर में वह रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिफाइनरी का दौरा करेंगे. सूत्रों के मुताबिक, इस बार अमेरिकी विदेश मंत्री नई दिल्ली का दौरा नहीं करेंगे.

विपक्ष ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान ने भारतअमेरिका कूटनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ गई है. विपक्ष इसको लेकर सरकार पर हमलावर है. राहुल गांधी के अलावा, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी निशाना साधते हुए सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भारत के विदेश मंत्री की भारत में होने वाली मीटिंग्स की घोषणा कब से MEA के अलावा दुसरे करने लगे.

उन्होंने पूछा MEA के ऑफिशियल स्पोक्सपर्सन के अलावा किसी और को आउटसोर्स कर दी गई है? भारत को US एम्बेसडर से ठीक वैसे ही पता चला जैसे उसे 10 मई, 2025 की शाम को खुद मिस्टर रुबियो से पता चला था कि ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है. मुंबई में मिस्टर रुबियो के साथ विदेश मंत्री की मुलाकात पर MEA चुप क्यों है?