इटावा: पक्षायगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुरा में शुक्रवार को शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं. दूल्हे की बारात निकलने से कुछ ही घंटे पहले पड़ोसी युवक द्वारा कथित रूप से ट्रैक्टर घर में चढ़ाकर हमला किए जाने से अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में दूल्हे के पिता सहित तीन लोग घायल हो गए. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने फायरिंग का आरोप भी लगाया है, हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है. हालात को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, जैतपुरा निवासी देवीचरण के पुत्र गोविंद की शुक्रवार शाम को शादी थी. बारात भरथना जानी थी और घर में रिश्तेदारों व महिलाओं की मौजूदगी से माहौल उत्सवपूर्ण बना हुआ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. परिजनों का आरोप है कि गांव के ही पड़ोसी विनोद ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर घर में चढ़ा दिया, जिससे घर में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
इस हमले में देवीचरण, उनकी बेटी ममता और बहन राधा घायल हो गईं. तीनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और बारात की तैयारियां ठप पड़ गईं. दूल्हे की बहन ममता ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चढ़ाने के साथ-साथ पथराव भी किया गया. उनका कहना है कि आरोपी पहले भी विवाद करता रहा है और पैसों के घमंड में इस तरह की हरकत करता है. वहीं बुआ राधा ने बताया कि पहले कहासुनी हुई, फिर अचानक हमला बोल दिया गया और आरोपी मारपीट के बाद मौके से फरार हो गया.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.