पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में सोमवार को चुनावी पारा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुँच गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित करने पहुंचे। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर गदगद पीएम मोदी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में अब परिवर्तन की लहर नहीं, बल्कि आंधी चल रही है। उन्होंने मंच से हुंकार भरी कि वे अब 4 मई को ही बंगाल वापस आएंगे, लेकिन वह यात्रा चुनाव प्रचार के लिए नहीं, बल्कि राज्य में बनने वाली नई भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए होगी।

वोटिंग से पहले पीएम मोदी ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, बोले- अब 4 मई को बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण में आऊंगा
वोटिंग से पहले पीएम मोदी ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, बोले- अब 4 मई को बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण में आऊंगा

‘140 करोड़ देशवासी ही मेरा परिवार’

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भावनात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि घर छोड़ने के बाद से देश की जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने कहा, “मैंने अपना जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया है और अब बंगाल के लोग ही मेरे अपने हैं।” टीएमसी पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल की जनता अब सुरक्षा और ईमानदार शासन चाहती है, जिसमें वर्तमान सत्ताधारी दल पूरी तरह विफल रहा है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का बंगाल

अनुच्छेद 370 का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह कश्मीर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्प को भाजपा ने पूरा किया, उसी तरह बंगाल में भी उनके समृद्धि के सपने को साकार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बंगाल में शरणार्थी संकट का स्थायी समाधान निकालेगी।

‘पूरब की प्रगति से ही चमकेगा भारत’

पीएम मोदी ने दावा किया कि ओडिशा और बिहार के बाद अब बंगाल में भी कमल खिलने जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक पूर्वी भारत का विकास नहीं होगा, तब तक राष्ट्र की प्रगति अधूरी है। उनके अनुसार, टीएमसी के पास न तो राज्य के विकास का कोई विजन है और न ही नियत।

जनता की आवाज: ‘अबकी बार भाजपा सरकार’

न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में रैली में आए स्थानीय लोगों ने भी परिवर्तन का समर्थन किया। प्रीति मुखर्जी नामक महिला ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए बंगाल में भाजपा की सरकार जरूरी है। वहीं सुदीप्तो सेन ने ‘डबल इंजन’ सरकार की वकालत करते हुए कहा कि बंगाल को अब राष्ट्रवादी सोच वाली सरकार की जरूरत है ताकि राज्य को तानाशाही से बाहर निकाला जा सके।