
उत्तर प्रदेश में प्रेम संबंधों के शक ने एक युवक की जान ले ली। 22 वर्षीय मुकेश की हत्या के मामले में पुलिस ने एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पति को अपनी पत्नी और मुकेश के बीच कथित संबंधों का शक था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और फिर पति-पत्नी ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रच डाली।
फोन रिकॉर्ड से खुला हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक, मुकेश की हत्या के मामले में जांच के दौरान महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली गई। इसी से पुलिस को अहम सुराग मिले और शक की सुई शानू अली और उसकी पत्नी की तरफ घूम गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गेहूं के खेत में मिला था युवक का शव
जानकारी के अनुसार, मुकेश का शव गेहूं के खेत में बरामद हुआ था। इसके बाद मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने और शरीर पर मारपीट के निशान होने की पुष्टि हुई थी।
पत्नी ने फोन कर युवक को बुलाया
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि शानू अली को शक था कि शादी के बाद भी उसकी पत्नी मुकेश के संपर्क में है। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। आरोप है कि एक रात शानू ने मुकेश को अपने घर पर देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद शानू की पत्नी ने मुकेश को घर से बाहर बुलाया और उसे शराब पिलाई। जब युवक नशे की हालत में हो गया तो महिला ने अपने पति के साथ मिलकर कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को गेहूं के खेत में छोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने शानू अली और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है।



