नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। स्विस एयर की उड़ान संख्या LX147, जो दिल्ली से ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली थी, टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई।

टेकऑफ के समय लगी आग
जानकारी के अनुसार, विमान जैसे ही उड़ान भरने की प्रक्रिया में था और उसकी गति लगभग 104 नॉट्स तक पहुंच गई थी, तभी इंजन नंबर 1 में अचानक खराबी आ गई। देखते ही देखते इंजन में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई।
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ कैंसिल कर दिया और विमान को रनवे पर ही सुरक्षित रोक लिया। विमान में कुल 232 यात्री सवार थे, जिन्हें इमरजेंसी स्लाइड के माध्यम से बाहर निकाला गया।
6 यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
इमरजेंसी स्लाइड से उतरते समय 6 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रनवे बंद, वैकल्पिक व्यवस्था
घटना के बाद रनवे संख्या 28 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्विस एयर ने यात्रियों के ठहरने और आगे की यात्रा के लिए होटल और वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था हेतु एक टास्क फोर्स तैनात की है।


