रीवा: चौरहटा थाना पुलिस और साइबर सेल ने अंतराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है. शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर एक रिटायर्ड सैन्य कर्मी से ₹31,36,478 की धोखाधड़ी करने वाले 9 आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से लग्जरी कार, नकदी और मोबाइल फोन समेत भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है.
जानकारी के अनुसार, फरियादी कौशल प्रसाद तिवारी (रिटायर्ड आर्मी मैन) निवासी बरी बांध ने 23 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि जून 2025 में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर ‘वडन’ (Wodden) नामक ट्रेडिंग कंपनी में निवेश का झांसा दिया. आरोपियों के जाल में फंसकर तिवारी ने अलग-अलग किस्तों में करीब ₹31 लाख जमा कर दिए. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। ठगों ने उनसे ₹1 लाख नकद भी रीवा में एसबीआई के सामने मंगवाए थे.
जब फरियादी ने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपियों ने ‘प्रोसेसिंग फीस’ के नाम पर ₹13,300 की और मांग की. शक होने पर तिवारी ने पुलिस की शरण ली. एसपी के निर्देशन में बनी विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इंदौर और रीवा में दबिश दी. पुलिस ने घेराबंदी कर गुजरात और इंदौर के रहने वाले 9 आरोपियों को दबोच लिया.
जब्त सामान और पुलिस का दावा
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई ₹15 लाख की टाटा नेक्सॉन कार, एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी, ₹51,300 नगद, 14 मोबाइल फोन और एक नोट गिनने की मशीन बरामद की है.