संजौली गुरुद्वारा विवाद में मैनेजर और प्रधान पर FIR, संगत ने लगाए गंभीर आरोप
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली गुरुद्वारा साहिब में प्रबंधन को लेकर नया विवाद सामने आया है। सिख संगत की शिकायत पर गुरुद्वारा के मैनेजर और प्रधान के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में मामला दर्ज किया गया है। संगत ने गुरुद्वारे में नियमों की अनदेखी और अनुचित गतिविधियों के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, सिख संगत से जुड़े सिमरन सिंह ने आरोप लगाया कि बीते रविवार रात गुरुद्वारे का मैनेजर दो युवतियों को कमरे में लेकर गया। संगत का कहना है कि दोनों युवतियों का कोई रिकॉर्ड गुरुद्वारे के रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया था, जबकि नियमों के तहत आने-जाने वाले लोगों का विवरण दर्ज करना जरूरी होता है।
संगत ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत मिलने के बावजूद गुरुद्वारा प्रधान ने कार्रवाई करने के बजाय मैनेजर का बचाव किया। इतना ही नहीं, संगत के खिलाफ ही संजौली पुलिस थाना में शिकायत दे दी गई, जिससे मामला और अधिक बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि सिख संगत ने रविवार को ही पुलिस को शिकायत सौंप दी थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसके बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाया गया और ASP अभिषेक समेत अन्य अधिकारियों को भी शिकायत दी गई।
मामले की जांच शुरू होने के बाद कार्रवाई करते हुए एक हेड कांस्टेबल का तबादला भी किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
संगत का कहना है कि संजौली गुरुद्वारा में दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कई बार SDM, DC और SP शिमला को लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद संगत ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।