हिमाचल में LPG सिलेंडर के दाम में बड़ा उछाल: 60 से 140 रुपये तक बढ़ी कीमत, कई जिलों में घरेलू सिलेंडर 1000 के पार

शिमला। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान–इजरायल के बीच जारी टकराव का असर अब हिमाचल प्रदेश की रसोई तक पहुंचने लगा है। कच्चे तेल की आपूर्ति पर पड़ रहे दबाव के कारण प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार से लागू नई दरों के बाद 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत कई जिलों में एक हजार रुपये के आसपास पहुंच गई है।

खास बात यह है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 1 मार्च को भी व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि की गई थी।

आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर

गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। खासकर घरों का बजट संभालने वाली महिलाओं के लिए रसोई का खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है।

नई दरों के अनुसार घरेलू सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 100 से 140 रुपये तक महंगा हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और गैस की सप्लाई भी सामान्य बनी हुई है।

शिमला में घरेलू सिलेंडर 1000 के पार

राजधानी शिमला में शनिवार से घरेलू एलपीजी सिलेंडर 66 रुपये महंगा हो गया है। इसके बाद यहां एक सिलेंडर की कीमत 1015 रुपये पहुंच गई है।

वहीं कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 134 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद यह अब 2097 रुपये में मिलेगा। इससे पहले इसकी कीमत 1960 रुपये थी।

जिलेवार एलपीजी सिलेंडर के नए दाम

शिमला

  • घरेलू सिलेंडर: 1015 रुपये
  • कमर्शियल सिलेंडर: 2097 रुपये

बिलासपुर

  • घरेलू सिलेंडर: 948.50 रुपये
  • कमर्शियल सिलेंडर: 1999.50 रुपये

धर्मशाला

  • घरेलू सिलेंडर: 965 रुपये (पहले 905 रुपये)
  • कमर्शियल सिलेंडर: 2011 रुपये (पहले 1868.50 रुपये)

कुल्लू

  • घरेलू सिलेंडर: 980.35 रुपये
  • कमर्शियल सिलेंडर: 2009.10 रुपये

मंडी

  • घरेलू सिलेंडर: 1013 रुपये (पहले 953 रुपये)
  • कमर्शियल सिलेंडर: करीब 2000 रुपये

चंबा

  • घरेलू सिलेंडर: 1005 रुपये (पहले 945 रुपये)
  • कमर्शियल सिलेंडर: 2035 रुपये (पहले 1920 रुपये)

ऊना

  • घरेलू सिलेंडर: 974 रुपये (पहले 914 रुपये)
  • कमर्शियल सिलेंडर: 2005 रुपये (पहले 1891 रुपये)

पेट्रोल-डीजल के दाम फिलहाल स्थिर

एलपीजी सिलेंडर महंगा होने के बावजूद फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उदाहरण के तौर पर शिमला में पेट्रोल करीब 95 रुपये और डीजल लगभग 87 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव और लंबा चला तो इसका असर सिर्फ गैस ही नहीं बल्कि अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है। फिलहाल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से हिमाचल प्रदेश के लाखों परिवारों की रसोई का खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है।

ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं।

Leave a Reply