नई दिल्ली में आज यानी 20 से 22 नवंबर 2026 तक होने वाले ‘SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम’ कार्यक्रम में पाकिस्तान की टीम भी शामिल होगी. ऐसे में मीटिंग में भाग लेने के लिए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक नई दिल्ली पहुंच गए हैं. वो SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे.

दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने उनका स्वागत किया. इस मंच पर SCO सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक संवाद और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े हुए तनाव की वजह से पिछले तीन सालों बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है.

Pakistan’s Federal Minister for Climate Change and Environmental Coordination, Dr Musadik Masood Malik, arrives in Delhi. He is leading the Pakistan delegation to the first SCO Civilisations Dialogue Forum, being held here from 2022 November 2026.

— ANI November 20, 2026

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए सरकार पर हमला किया है. कांग्रेस ने लिखा, “मोदी सरकार के इनविटेशन पर पाकिस्तान का मंत्री मुसादिक मलिक भारत आ गया है. मुसादिक लगातार भारत को धमकाता रहा है. कभी हाथ काटने की धमकी देता है, कभी खून बहाने की. एक तरफ पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, भारतीयों की हत्या करवा रहा है. दूसरी तरफ मोदी सरकार भारत से नफरत करने वाले पाकिस्तानी मंत्री की आवभगत में लगी है. बिरयानी और कबाब खिलाने की तैयारी है. ये देश और देशवासियों के साथ गद्दारी है. मोदी सरकार को ये नहीं करना चाहिए था. जब तक पाकिस्तान आतंक पर पूरी तरह ब्रेक नहीं लगाता, उससे कोई बात नहीं होनी चाहिए.”

तीन साल बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री

डॉ. मुसादिक मलिक तीन साल बाद भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं. पहलगाम अटैक के बाद मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक संघर्ष चला था. पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिसके बाद ये संघर्ष शुरू हुआ था.

भारत के खिलाफ दे चुके हैं विवादित बयान

पाकिस्तान की सत्ताधारी पार्टी के नेता मलिक उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने सिंधु जल संधि रोके जाने पर भारत के खिलाफ बेहद भड़काऊ बयान दिया था. जून में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने धमकी भरे लहजे में कहा था कि “जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे.”