
Deoria Headmaster FIR: देवरिया l उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर महिला शिक्षिका के साथ रेप की कोशिश, अश्लील हरकत और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप है. प्रधानाध्यापक ने जान से मारने की धमकी और नौकरी से निकालने की धमकी देकर दुष्कर्म की कोशिश की.
क्या है पूरा मामला
पूरा मामला जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र स्थित एक कंपोजिट विद्यालय का है. आरोपी की पहचान प्रधानाध्यापक उदय लाल बौद्ध के रूप में हुई है. प्रधानाध्यापक उदय लाल बौद्ध के खिलाफ महिला शिक्षिका से रेप की कोशिश और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है.
हेडमास्टर पर अश्लील हरकत का आरोप
जानकारी के मुताबिक़, पीड़िता स्कूल में ईसीसीई एजुकेटर के रूप में कार्यरत है. 29 अक्टूबर को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. पीड़िता ने शिकायत में बताया, हेडमास्टर हमेशा उसके साथ अश्लील हरकतें करते थे.
जबरन गले लगाने की कोशिश की
आरोप है कि वे अक्सर टीचर को किसी न किसी बहाने अकेले अपने कार्यालय में बुलाते थे. इस दौरान वे महिला के साथ अशोभनीय और आपत्तिजनक बातें करते थे, कई बार गलत तरीके से पकड़ने और जबरन गले लगाने की कोशिश की. लेकिन समाज के डर से चुप रही.
जान से मारने की धमकी दी
इतना ही नहीं 16 अक्टूबर को कार्यालय में मुहर निकालने के बहाने बुलाया था. अकेला पाकर रेप की कोशिश करने लगा. वहां से वो भाग निकली और इसकी जानकारी पिता को दी. जिसके बाद हेडमास्टर ने पिता को फंसाने की धमकी दी. इतना ही नहीं उसने टीचर की हत्या की धमकी दी. कहा, शव ऐसी जगह फेंकेगा जहां उनकी पहचान न हो सके.
हेडमास्टर के खिलाफ केस दर्ज
पीड़िता ने बताया, इसकी शिकायत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बता दें, इस मामले में पहले ही प्रधानाध्यापक उदय लाल बौद्ध को निलंबित कर दिया गया है. बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर यह कार्रवाई की. साथ ही देसही के खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र से जांच रिपोर्ट माँगी गयी है.



