सूरजपुर: अम्बिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात बर्थडे पार्टी के नाम पर यातायात बाधित कर आतिशबाजी करने का मामला अब पुलिस की सख्त कार्रवाई में बदल चुका है. चौकी लटोरी पुलिस ने इस चर्चित प्रकरण में दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूरे मामले की परतें खुलती जा रही हैं.
घटना 16 फरवरी 2026 की रात की है, जब सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने एनएच पर कुछ युवकों ने अपने वाहनों को बीच सड़क पर खड़ा कर जन्मदिन मनाया. आरोप है कि इस दौरान तेज आवाज में संगीत, सड़क पर हुड़दंग और आतिशबाजी की गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी लटोरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 285, 126(2), 287, 288 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 201 के तहत कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने 20 फरवरी को पहले ही सात आरोपियों- अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल, प्रथम अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, महेश साहू, निखिल रामा और अरुण देवांगन को गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि, दो आरोपी अभिषेक गुप्ता और अनमोल चौधरी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश लगातार जारी थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर के डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस को विवेचना के दौरान पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर दबिश देकर अभिषेक गुप्ता (निवासी केनापारा) और अनमोल चौधरी (निवासी अम्बिकापुर) को पकड़ा गया. दोनों के कब्जे से एक इनोवा और एक किया कार जब्त की गई है. 24 फरवरी को दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में भेजा गया.
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, सुनील एक्का, शोभनाथ कुशवाहा और साइबर सेल की टीम की सक्रिय भूमिका रही. एनएच पर की गई यह लापरवाही अब युवकों के लिए बड़ी कानूनी मुसीबत बन चुकी है. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे हैं। पुलिस का स्पष्ट संदेश है- लोक मार्ग पर कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.