Featured Image

Kolhapur Lover Killed Girlfriend: मोहब्बत के नाम पर शुरू हुआ रिश्ता आखिर नफरत और मौत तक कैसे पहुंच गया? महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. आरोप है कि प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज एक युवक ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और फिर खाई में धक्का दे दिया.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और युवती के लापता होने की जानकारी देने लगा. हालांकि, पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर इस पूरे मामले का राज़ खुल गया.

शादी तय होने से नाराज था प्रेमी

यह मामला महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के भूदरगढ़ तालुका स्थित शिवदाव- नाइकवाड़ी का है. मृतका की पहचान तरन्नुम बशीर नाइक के रूप में हुई है, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी.

जानकारी के मुताबिक, तरन्नुम शुक्रवार से लापता थी. उसके प्रेमी श्रीपद दिनकर वदार पर अपहरण और हत्या का आरोप है. बताया जा रहा है कि तरन्नुम की शादी तय हो गई थी. इसी बात से श्रीपद नाराज था. पुलिस के सामने दिए गए कथित कबूलनामे के मुताबिक, आरोपी को इस बात का गुस्सा था कि उसकी माशूका की शादी किसी दूसरे व्यक्ति से होने वाली है.

मिलने के बहाने बुलाया, फिर खाई में दिया धक्का

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने तरन्नुम को सुबह करीब 11 बजे मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद वह उसे शिवदाव नाइकवाड़ी की एक खाई के पास ले गया. वहां तरन्नुम ने उसे अपनी सगाई के बारे में बताया. आरोप है कि यह सुनकर श्रीपदा गुस्से में आ गया और उसने तरन्नुम को खाई में धक्का दे दिया. ऊंचाई से गिरने के कारण युवती की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. तरन्नुम के अचानक लापता होने से पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

खुद थाने पहुंचा आरोपी

मामले में सबसे हैरान करने वाला मोड़ तब आया, जब आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और तरन्नुम के लापता होने की जानकारी दी. शुरुआत में वह पुलिस के गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन उसकी बातों पर शक होने के बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर तरन्नुम को खाई में धक्का देने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान चलाया और खाई से युवती का शव बरामद किया. अब पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है.