उत्तर प्रदेश में प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रवक्ता भर्ती परीक्षा को लेकर पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। राज्य के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है, क्योंकि यह परीक्षा 9 और 10 मई को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 624 पदों के लिए करीब 4.64 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।

बता दें, परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश के 17 जिलों में कुल 319 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो दिनों तक दोदो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी।
आयोग की ओर से बताया गया है कि अभ्यर्थियों को 30 अप्रैल से अपने परीक्षा जनपद की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएगी। वहीं, 6 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें, क्योंकि बिना एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन करें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। साथ ही, परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए शेष समय का सही उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।



