
टॉयलेट सीट के पास फन फैलाकर बैठा कोबरा.
Betul News: सोचिए, रात का वक्त हो और आप टॉयलेट का दरवाजा खोलें, सामने 5 फीट लंबा कोबरा फन फैलाकर बैठा हो… ऐसा नजारा देखकर किसी की भी चीख निकल सकती है. मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक घर में कुछ ऐसा ही हुआ. यहां टॉयलेट सीट के पास एक विशाल कोबरा फन फैलाकर बैठा था. सांप को देखते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि समय रहते सांप दिखाई दे गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.
टॉयलेट में अचानक दिखा विशाल सांप
पूरा मामला बैतूल जिले के सोनाघाटी इलाके का है. यहां के.के. मालवीया के घर में रविवार देर रात परिवार के लोगों ने टॉयलेट के अंदर एक विशाल सांप देखा. करीब 5 फीट लंबे कोबरा को देखते ही घरवालों के होश उड़ गए. सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह थी कि सांप टॉयलेट सीट के पास ही बैठा हुआ था. लोगों की नजर जैसे ही कोबरा पर पड़ी, उसने अपना फन फैला लिया. वह लगातार फुफकार रहा था. कुछ देर तक परिवार के लोगों को समझ ही नहीं आया कि ऐसी स्थिति में क्या किया जाए. डर की वजह से कोई भी सांप के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया.
परिवार ने नहीं की सांप पकड़ने की कोशिश
हालात को देखते हुए परिवार के लोगों ने समझदारी दिखाई और खुद कोबरा को पकड़ने या उसे भगाने की कोशिश नहीं की. उन्होंने तुरंत सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही सर्पमित्र मौके पर पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले परिवार के लोगों को टॉयलेट से दूर रहने को कहा. इसके बाद उन्होंने सांप की स्थिति को देखा और सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू शुरू किया. इस दौरान कोबरा लगातार फन फैलाए रहा. उसका खतरनाक रूप देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए.
काफी मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू
सर्पमित्र ने बेहद सावधानी के साथ कोबरा को पकड़ने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद 5 फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित तरीके से टॉयलेट से बाहर निकाल लिया गया. सांप के बाहर निकलते ही परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली. घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए. टॉयलेट के अंदर फन फैलाए बैठे कोबरा का वीडियो भी सामने आया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए.
एक छोटी सी लापरवाही पड़ सकती थी भारी
इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि किसी को सांप ने नुकसान नहीं पहुंचाया. सोचिए, अगर रात के अंधेरे में परिवार का कोई सदस्य बिना देखे टॉयलेट में चला जाता और उसका पैर कोबरा के पास पड़ जाता तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने लोगों से अपील की है कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें. खासकर रात के समय टॉयलेट, स्टोर रूम या घर के किसी अंधेरे हिस्से में जाने से पहले आसपास जरूर देख लें. सांप दिखाई देने पर तुरंत प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें.



