Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां झोटवाड़ा के मंगलम सिटी क्षेत्र में घर पर बने नूडल्स खाने के बाद 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन की भी तबीयत बिगड़ गई, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. घटना ने पहले से ही दुखों का सामना कर रहे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

जानकारी के मुताबिक, घटना जयपुर के झोटवाड़ा स्थित मंगलम सिटी की है. गुरुवार को दोनों बहनों ने घर पर नूडल्स बनाकर खाए थे और खाना खाने के बाद दोनों सो गईं. दोपहर करीब 3 बजे जब मां घर पहुंची और दोनों बच्चियों को जगाया, तो बड़ी बहन दिव्यांशी उठ गई, लेकिन 7 वर्षीय पीहू कुमावत नहीं उठी. घबराए परिजन दोनों बच्चियों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया. बड़ी बहन दिव्यांशी की तबीयत भी बिगड़ गई थी, जिसे इलाज के बाद शुक्रवार सुबह अस्पताल से छुट्टी मिल गई.

फूड पॉइजनिंग की आशंका, पुलिस ने लैब भेजे नूडल्स के सैंपल

प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगा. मां की ओर से पुलिस को रिपोर्ट दी गई है. मामले में करधनी थाना पुलिस ने नूडल्स के सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं और सैंपल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़, 2 महीने से अस्पताल में भर्ती है भाई

इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही संकट से जूझ रहा था और मृत बच्ची पीहू का भाई गोविंद पिछले दो महीने से अस्पताल में भर्ती है. अब 7 वर्षीय बेटी की आकस्मिक मौत से परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है.