
लखनऊ में कारोबारी शिव शर्मा की मौत के बाद से मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे फरार चल रही हैं, पुलिस ने श्रद्धा के ऊपर 25 हजार रुपये का ईनाम भी रखा है. वहीं अब इस मामले को लेकर श्रद्धा दुबे का पहला बयान सामने आया है उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है. सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में उन्होंने दावा किया कि शिव शर्मा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उन्होंने आत्महत्या की थी. श्रद्धा ने यह भी कहा कि वह पुलिस के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि उनका नाम किसी राजनेता या सरकारी अधिकारी से जोड़कर अफवाहें न फैलाई जाएं.
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रद्धा दुबे ने खुद को लापता बताए जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह पुलिस को पूरी सच्चाई बताना चाहती हैं. दूसरी ओर, शिव शर्मा की मां ने अपनी शिकायत में श्रद्धा दुबे समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार ने आशंका जताई है कि शिव की मौत से पहले उनके साथ मारपीट की गई थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत से पहले हुई घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
क्या बोलीं श्रद्धा दुबे?
श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर कहा कि वह पुलिस के सामने आकर अपना पक्ष रखने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा “मैं लापता नहीं हूं. मैं पुलिस के पास आकर अपना बयान दर्ज कराना चाहता हूं. मैं उन्हें जो कुछ भी हुआ है, उसकी पूरी सच्चाई बताना चाहता हूं. उन्होंने अपने और राजनेताओं या सरकारी अधिकारियों के बीच कथित संबंधों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर भी आपत्ति जताई.
श्रद्धा ने अपने वीडियो में दावा किया कि शिव शर्मा की मौत हत्या का मामला नहीं, बल्कि आत्महत्या थी. उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह मौत से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर विस्तार से बात कर सकें. उन्होंने लोगों से बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी पर आरोप लगाने और अफवाहें फैलाने से बचने की अपील की. हालांकि, श्रद्धा के इस दावे की पुष्टि जांच के जरिए ही हो सकेगी.
कैसे हुई थी शिव शर्मा की मौत?
शिव शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज इलाके में बालू अड्डा के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई थी. बताया गया है कि वह इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे. इस घटना के बाद से उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. श्रद्धा दुबे सोशल मीडिया पर सक्रिय मॉडल और इन्फ्लुएंसर हैं. रिपोर्ट के मुताबिक उनके लगभग 1.41 लाख फॉलोअर्स है. शिव शर्मा की मौत के मामले में उनका नाम सामने आने के बाद अब उनके वीडियो और दावों को लेकर चर्चा हो रही है.
शिव शर्मा की मां ने क्या लगाए आरोप?
शिव शर्मा की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को कई महीनों तक शारीरिक हिंसा, धमकियों और ब्लैकमेल का सामना करना पड़ा था. अपनी शिकायत में उन्होंने श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मी दुबे, एक ड्राइवर, आदिल नाम के एक सहयोगी और कुछ अन्य लोगों का नाम लिया है.
पुलिस शिव शर्मा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले क्या हुआ था और मौत किन परिस्थितियों में हुई.



