Featured Image

जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर से दिनदहाड़े चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक कलेक्शन एजेंट को सड़क किनारे रुककर कचौड़ी खाना 20 लाख रुपये का पड़ गया। एजेंट ने रुपयों से भरा बैग अपनी स्कूटी पर रखा और कचौड़ी का स्वाद लेने लगा। इसी बीच स्कूटी सवार दो बदमाश आए और पलक झपकते ही 20 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित एजेंट हाथ में कचौड़ी की प्लेट लिए बदमाशों के पीछे दौड़ता ही रह गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

नाहरगढ़ इलाके में शाम 4 बजे हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 26 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे जयपुर के नाहरगढ़ थाना इलाके में हुई। पीड़ित चंपालाल पेशे से कलेक्शन एजेंट हैं। वह मार्केट से 20 लाख रुपये का कैश कलेक्ट करके लौट रहे थे। रास्ते में भूख लगने पर उन्होंने अपनी स्कूटी साइड में खड़ी की और एक दुकान पर कचौड़ी खाने के लिए रुक गए। उन्होंने लापरवाही बरतते हुए 20 लाख रुपये से भरा बैग स्कूटी के आगे फुटबोर्ड पर ही छोड़ दिया था।

हाथ में प्लेट लिए बदमाशों के पीछे दौड़ा एजेंट

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चंपालाल कचौड़ी खाने में मशगूल थे। तभी हेलमेट पहने दो युवक दूसरी स्कूटी से बिल्कुल उनके पास आकर रुके। पीछे बैठे बदमाश ने बेहद फुर्ती से चंपालाल की स्कूटी पर रखा कैश का बैग उठाया और दोनों ने तेज रफ्तार में स्कूटी भगा दी। जब तक चंपालाल को माजरा समझ आता, तब तक बदमाश आगे निकल चुके थे। चंपालाल हाथ में कचौड़ी की प्लेट पकड़े हुए ही बदमाशों के पीछे भागे। मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी चोरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन शातिर बदमाश नकदी लेकर भागने में कामयाब रहे।

पुलिस को पहले से रेकी होने का शक

वारदात के तुरंत बाद पीड़ित चंपालाल ने नाहरगढ़ पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और इलाके के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। उधर, सोशल मीडिया और रेडिट (Reddit) पर इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग आशंका जता रहे हैं कि बदमाश पहले से ही एजेंट की रेकी कर रहे थे। वहीं, कई यूजर्स ने 20 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम को स्कूटी पर यूं लावारिस छोड़ने की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।