कौशांबी: यूपी के कौशांबी जिले में कुछ दिन पहले हाइवे किनारे एक महिला की बक्से में बंद लाश मिली थी। पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में महिला के पति को ही गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि महिला का पति पहले से शादीशुदा था और उसने इसके साथ दूसरी शादी की थी। हालांकि सामाजिक दवाब की वजह से वह महिला को अपने साथ नहीं रखना चाहता था। महिला के बारबार दबाव बनाने पर उसने गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए सड़क किनारे फेंक दिया था।

पति ने ही की थी हत्या
दरअसल, कौशांबी जिले में हाइवे किनारे बंद बक्से में मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही पति ने की थी। यहां 15 अप्रैल को कोखराज थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे एक बंद बक्से में महिला का शव मिला था, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच में मृतका की पहचान अमेठी की रहने वाली मोनी वर्मा के रूप में हुई। फिलहाल सर्विलांस और एसओजी की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हत्या की वजह आई सामने
पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत के मुताबिक, आरोपी पति हर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी कानपुर का रहने वाला है और वह पहले से शादीशुदा था। उसने मोनी से मंदिर में दूसरी शादी की थी, लेकिन उसे घर में रखने से बच रहा था। जब मोनी ने साथ रहने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए किराए की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया। चालक को सच्चाई पता चलने पर आरोपी ने उसे पैसे का लालच देकर साथ मिला लिया था।



